चमनगंज में देर रात गोलीकांड, पेट में गोली लगने से युवक घायल; एक आरोपी गिरफ्तार
नाला रोड पर विवाद के बाद मारपीट और फायरिंग, मौके से असलहा बरामद; दो हिस्ट्रीशीटरों के नाम आने से मचा हड़कंप
कानपुर। चमनगंज थाना क्षेत्र के नाला रोड पर रविवार देर रात आपसी विवाद के बाद मारपीट और फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आरोप है कि असलहों से लैस हमलावरों ने शहजाद आलम (29) के साथ मारपीट करने के बाद उसे गोली मार दी। गोली पेट में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल हैलट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस के मुताबिक, घायल की हालत खतरे से बाहर है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी रियाज खटोला को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया असलहा भी बरामद किया गया है।
विवाद के बाद चली गोली, इलाके में अफरातफरी
जानकारी के मुताबिक, नाला रोड पर रात करीब दो बजे दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद और कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट और गाली-गलौज में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान तीन लोगों ने शहजाद आलम पर गोली चला दी। पेट में गोली लगने से वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा। फायरिंग की आवाज सुनकर इलाके में अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाया।
परिजनों ने दो हिस्ट्रीशीटरों के नाम बताए
घायल के परिजनों ने गोलीकांड में दो हिस्ट्रीशीटरों के नाम सामने आने का दावा किया है। परिवार का आरोप है कि विवाद के बाद हमलावरों ने शहजाद को निशाना बनाकर गोली मारी। हालांकि, वारदात के पीछे की असली वजह क्या थी और गोली किसने चलाई, इसकी पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।
एक आरोपी गिरफ्तार, असलहा बरामद
घटना की सूचना मिलते ही चमनगंज पुलिस सक्रिय हुई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रियाज खटोला नाम के आरोपी को पकड़ लिया। उसके पास से घटना में प्रयुक्त असलहा बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज
अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह ने बताया कि चमनगंज थाना क्षेत्र में रात करीब दो बजे मारपीट और गाली-गलौज के दौरान तीन लोगों द्वारा एक व्यक्ति पर गोली चलाने की घटना सामने आई है। गोली लगने से शहजाद आलम घायल हुआ है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है।
उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल असलहा बरामद किया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल, पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और गोलीकांड के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।

