नगर कीर्तन के दौरान युवकों पर हमले के मामले में एक गिरफ्तार
पुरानी रंजिश में कृपाण और खंजर से हमला करने का आरोप, छह से अधिक लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
कानपुर। गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर निकले नगर कीर्तन के दौरान गतका दल में शामिल दो युवकों पर हमले के मामले में स्वरूप नगर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवकों पर लोहे के पंजे, कृपाण और खंजर से हमला किया गया था। घटना में दोनों युवक घायल हो गए थे। पुलिस की शुरुआती जांच में हमले के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आई है। गिरफ्तार आरोपी देवेंद्र सिंह को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद घायल युवक के परिजन और सिख समाज के करीब 50 लोग स्वरूप नगर थाने पहुंचे थे। लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया था। घायल युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
नगर कीर्तन के दौरान हुआ विवाद
गोविंद नगर तीन ब्लॉक निवासी सुरेंद्र पाल सिंह फर्नीचर और गद्दे के व्यापारी हैं। उनके मुताबिक, रविवार शाम वह परिवार के साथ लाटूश रोड से निकले नगर कीर्तन में शामिल हुए थे। कई रास्तों से होते हुए नगर कीर्तन मोतीझील के पास पहुंचा। इसी दौरान गोविंद नगर की गतका पार्टी में शामिल नीले कपड़े पहने कुछ युवकों का उनके परिचितों से विवाद हो गया। रहत के दोस्त सिमरजीत और हरप्रीत के साथ कहासुनी हुई थी। 19 वर्षीय रहत अपने दोस्त इशमिंदर के साथ बीच-बचाव करने पहुंचा था।
बीच-बचाव करने पहुंचे युवकों पर किया हमला
आरोप है कि विवाद के दौरान गतका पार्टी के युवकों ने रहत और इशमिंदर को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया। एक युवक ने कृपाण से रहत की कमर के ऊपर वार किया, जिससे उसके पेट पर भी चोट आई। इसके बाद उसके सीने पर वार किया गया। हमले में रहत जमीन पर गिर पड़ा।
दोस्त को बचाने पहुंचे इशमिंदर की अंगुली पर भी कृपाण लग गई, जिससे वह घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने हमलावरों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे मौके से भाग निकले। इसके बाद परिजन दोनों घायलों को हैलट अस्पताल ले गए।
थाने पहुंचे 50 से अधिक लोग, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग
हमले की जानकारी मिलने पर रहत के पिता और सिख समाज के 50 से अधिक लोग स्वरूप नगर थाने पहुंचे। यहां लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नाराजगी जताई। इसके बाद घायल युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तरनदीप सिंह, अमनदीप सिंह, समित सिंह, देवेंद्र सिंह समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
पुरानी रंजिश में हमले की बात आई सामने
एडीसीपी सेंट्रल ने बताया कि मामले में आरोपी देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी की घायलों से पुरानी रंजिश थी। इसी के चलते हमला किए जाने की बात सामने आई है। गिरफ्तार आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।


