कानपुर में दिन-रात के तापमान में 10 डिग्री का अंतर, धूप में गर्मी तो शाम को सुहाना होगा मौसम
उमस बढ़ाएगी परेशानी, दोपहर में 36 डिग्री जैसी गर्मी का एहसास; अधिकतम तापमान 33 डिग्री रहने का अनुमान
कानपुर। शहर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। दिन और रात के तापमान में करीब 10 डिग्री सेल्सियस का अंतर लोगों को गर्मी और राहत दोनों का एहसास करा रहा है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी परेशान कर रही है, जबकि शाम होते ही ठंडी हवाओं से मौसम सुहावना हो जा रहा है। रविवार को भी आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने का अनुमान है। वहीं, वातावरण में नमी अधिक होने के कारण दोपहर में उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
36 डिग्री जैसी गर्मी का होगा एहसास
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। दोपहर में नमी के कारण वास्तविक तापमान से अधिक गर्मी महसूस हो सकती है। इस दौरान रियल फील करीब 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। पूर्वा हवाएं छह से सात मील प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।
सामान्य से अधिक रहा तापमान
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक था। इस तरह अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच 10.6 डिग्री सेल्सियस का अंतर रहा।
शनिवार को अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 85 प्रतिशत दर्ज की गई। सुबह आसमान साफ रहा और दिन चढ़ने के साथ तेज धूप ने गर्मी बढ़ा दी। हालांकि, शाम को ठंडी हवाएं चलने से लोगों को कुछ राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया।
दिन में उमस, शाम को राहत
मौसम के इस उतार-चढ़ाव के बीच दिन में धूप और उमस लोगों को परेशान कर सकती है, जबकि शाम को हवाओं के चलते राहत मिलने की संभावना है। तापमान सामान्य से ऊपर रहने के कारण लोगों को दोपहर में गर्मी से बचाव करने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी जाती है।

