लखनऊ में बेकाबू थार ने 5 लोगों को रौंदा

लखनऊ में बेकाबू थार ने 5 लोगों को रौंदा

बस से हुई थी टक्कर, चालक फरार; गुस्साए लोगों ने तोड़ी थार

लखनऊ।  बुधवार देर रात बस से टक्कर के बाद एक थार बेकाबू हो गई। थार ने कई बाइक सवारों और पैदल जा रहे लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। घटना के बाद थार चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। हादसे से गुस्साए लोगों ने ईंट और डंडों से थार में तोड़फोड़ की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थार पारा थाना क्षेत्र के हंस खेड़ा मोड़ के पास अवध चौराहे से बुद्धेश्वर की ओर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में उसकी एक बस से टक्कर हो गई। इसके बाद थार चालक ने बस को रुकवाने की कोशिश की, लेकिन बस चालक मौके से निकल गया।

इसके बाद थार चालक गाड़ी लेकर आगे बढ़ा और हंसखेड़ा मोड़ स्थित पिंक बूथ और तिकुनिया के बीच कई बाइक सवारों और पैदल जा रहे लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। अचानक हुई घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई।

हादसे के बाद थार चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। इससे नाराज लोगों ने ईंट और डंडों से थार में तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त थार को कब्जे में ले लिया है। साथ ही घायलों के बारे में जानकारी जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बस और थार के बीच टक्कर होने के कारणों के साथ ही यह भी पता लगा रही है कि हादसे के बाद थार चालक ने लोगों को कैसे टक्कर मारी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *