क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग में आईआईटी कानपुर पांच पायदान फिसला, विश्व में 315वीं रैंक
वीआईटी वेल्लोर ने छोड़ा पीछे, देश में आईआईटी कानपुर को मिला छठा स्थान; रोजगार और नॉलेज एक्सचेंज में संस्थान का प्रदर्शन बेहतर
कानपुर। क्यूएस सस्टेनेबिलिटी रैंकिंग-2027 में आईआईटी कानपुर को वैश्विक स्तर पर 315वां और देश में छठा स्थान मिला है। पिछले साल की तुलना में संस्थान की रैंकिंग में पांच पायदान की गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2026 में आईआईटी कानपुर वैश्विक स्तर पर 310वें और वर्ष 2025 में 245वें स्थान पर था। लगातार दूसरे वर्ष संस्थान की रैंकिंग में गिरावट दर्ज हुई है।
इस बार वीआईटी वेल्लोर ने भी आईआईटी कानपुर को पीछे छोड़ दिया है। वीआईटी को वैश्विक स्तर पर 295वीं और देश में चौथी रैंक मिली है। आईआईटी कानपुर का कुल स्कोर 79.6 रहा, जबकि छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) का स्कोर 47.8 दर्ज किया गया।
रैंकिंग के विभिन्न मानकों पर आईआईटी कानपुर का प्रदर्शन मिला-जुला रहा। सोशल इंपैक्ट के क्षेत्र में संस्थान ने बेहतर प्रदर्शन किया है। समानता (इक्वैलिटी) में 78.3, नॉलेज एक्सचेंज में 89.1, शिक्षा के प्रभाव में 44.6 और स्वास्थ्य एवं कल्याण में 75.7 अंक मिले हैं। वहीं रोजगार एवं उसके परिणामों के मामले में संस्थान को सर्वाधिक 91.4 अंक प्राप्त हुए हैं।
रोजगार और ज्ञान के आदान-प्रदान जैसे मानकों पर अच्छे अंक मिलने के बावजूद वैश्विक रैंकिंग में संस्थान का पांच स्थान नीचे खिसकना चर्चा का विषय है। अब संस्थान के सामने बेहतर प्रदर्शन के साथ वैश्विक रैंकिंग में अपनी स्थिति सुधारने की चुनौती होगी।


