घाटमपुर में 22 नवंबर को पल्स पोलियो बूथ दिवस, 23 से घर-घर पहुंचेंगी स्वास्थ्य विभाग की टीमें
एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने टास्क फोर्स की बैठक में अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी, पांच साल तक के बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
घाटमपुर। पांच साल तक के बच्चों को पोलियो से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अभियान की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके तहत 22 नवंबर को बूथ दिवस आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 23 से 26 नवंबर तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। अभियान में कोई भी बच्चा खुराक पीने से छूट न जाए, इसके लिए मंगलवार को घाटमपुर तहसील सभागार में तहसील टास्क फोर्स (टीटीएफ) की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने की।
बैठक में एसडीएम ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पल्स पोलियो अभियान राष्ट्रीय महत्व का कार्यक्रम है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को जागरूक कर पांच साल तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक अनिल शर्मा ने अभियान की कार्ययोजना प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि 22 नवंबर को बूथ दिवस पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद 23 से 26 नवंबर तक स्वास्थ्य कर्मियों की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को खुराक देंगी। वहीं, 30 नवंबर को बी-टीम के माध्यम से अभियान की गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
बैठक में सीएचसी घाटमपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पवन सचान और सीएचसी पतारा के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जय प्रकाश मौजूद रहे। एसडीएम ने बाल विकास एवं पुष्टाहार, शिक्षा और पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं, ताकि दोनों विकासखंडों में शत-प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जा सके।


