तेज धूप से बढ़ी उमस, शाम को बारिश के आसार

तेज धूप से बढ़ी उमस, शाम को बारिश के आसार

कानपुर। रविवार सुबह से निकली तेज धूप ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। धूप के साथ हवा में अधिक नमी होने से गर्मी और उमस का असर दिनभर बना रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दोपहर बाद मौसम में बदलाव हो सकता है। शाम से रात के बीच शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ गरज वाले बादल विकसित होने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक अगले 24 से 48 घंटे तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। हालांकि अगले 24 घंटे में भारी बारिश की संभावना कम है। गरज-चमक के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।

70 से 80 फीसदी नमी बढ़ाएगी उमस

मौसम विशेषज्ञ के अनुसार कानपुर में सापेक्षिक आर्द्रता 70 से 80 प्रतिशत के बीच बनी हुई है। दिन में तेज धूप निकलने से तापमान बढ़ेगा, जबकि वातावरण में अधिक नमी के कारण लोगों को वास्तविक तापमान से अधिक गर्मी महसूस होगी। शाम के समय तापमान में गिरावट और नमी बढ़ने से स्थानीय स्तर पर बादल विकसित हो सकते हैं। इससे कुछ इलाकों में हल्की बारिश, मेघ गर्जना और बिजली चमकने की स्थिति बन सकती है।

शनिवार दोपहर बाद बदला था मौसम

सीएसए की मौसम रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को कानपुर में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक था। शनिवार सुबह तेज धूप के बाद दोपहर करीब 12:30 बजे अचानक मौसम बदला। आसमान में घने बादल छा गए और इसके बाद बारिश हुई। बारिश से कुछ समय के लिए लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। रविवार को फिर तेज धूप निकलने के कारण उमस बढ़ गई।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *