राधा रानी के भजनों से गूंजा विश्वविद्यालय परिसर, हजारों भक्त हुए भाव-विभोर
कानपुर। राधा अष्टमी के अवसर पर शनिवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय का हेलीपैड मैदान भक्ति और आध्यात्मिकता के रंग में सराबोर हो गया। राधा रानी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष भजन संध्या में पुंडरीक गोस्वामी और रेणुका गोस्वामी ने अपने मधुर भजनों से ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर राधामय हो उठा। राधा-कृष्ण को समर्पित भजनों की स्वर लहरियों से परिसर देर तक गूंजता रहा। कार्यक्रम में पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
‘मेरी विनती यही है राधा रानी…’
कार्यक्रम की शुरुआत राधा रानी के चरणों में श्रद्धा और भक्ति अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद पुंडरीक गोस्वामी और रेणुका गोस्वामी ने राधा-कृष्ण की भक्ति से जुड़े मनमोहक भजनों की प्रस्तुतियां दीं।
‘मेरी विनती यही है राधा रानी, कृपा बरसाए रखना’, ‘राधा रानी लगे सबसे प्यारी’, ‘बरसाने में आज आनंद छायो, राधा रानी को जनम दिन आयो’, ‘राधा रानी फूल हैं तो भंवरे हैं बिहारी’, ‘कीर्ति मैया दे दे बधाई’ और ‘राधा जन्म सुन आई’ जैसे भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कई श्रद्धालु भजनों के साथ झूमते और राधा रानी की भक्ति में लीन नजर आए।
भक्ति, संगीत और संस्कृति का सुंदर संगम
भक्तिमय संगीत और आध्यात्मिक वातावरण ने राधा अष्टमी के उत्सव को विशेष बना दिया। विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में भक्ति, संगीत और संस्कृति का सुंदर संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक, आयुर्वेदाचार्य डॉ. वंदना पाठक, वृंदावन बिहारी लाल अग्रवाल, किरण अग्रवाल, अमित गुप्ता और रितिका गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं की भीड़, हेलीपैड पर शिफ्ट हुआ कार्यक्रम
कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए आयोजन स्थल में बदलाव करना पड़ा। शुरुआत में कार्यक्रम रानी लक्ष्मीबाई सभागार में प्रस्तावित था, लेकिन पुंडरीक गोस्वामी के भक्तों के सुबह करीब 10 बजे से पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। निर्धारित समय तक पांच हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने कार्यक्रम को परिसर स्थित हेलीपैड मैदान में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया।
कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने विश्वविद्यालय की टीम को तत्काल व्यवस्थाओं में जुटाया। कुछ ही समय में हेलीपैड मैदान में मंच, बैठने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से शुरू कराया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच देर तक भजनों का दौर चलता रहा और पूरा परिसर राधा रानी की भक्ति में डूबा नजर आया।

