कानपुर में चार दिन में 4.4 डिग्री गिरा रात का पारा, सुबह-शाम बढ़ी ठंड; दिन में धूप से रहेगी गर्मी

कानपुर में चार दिन में 4.4 डिग्री गिरा रात का पारा, सुबह-शाम बढ़ी ठंड; दिन में धूप से रहेगी गर्मी

शाम छह से सात बजे घर लौटते समय महसूस होगी ठिठुरन, मौसम विशेषज्ञ ने गर्म कपड़े पहनने की दी सलाह; दिन और रात के तापमान में अंतर सेहत पर डाल सकता है असर

कानपुर। नवंबर की शुरुआत के साथ ही शहर में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। गुरुवार सुबह सर्द हवाओं ने लोगों को ठंड का एहसास कराया, जबकि दिन चढ़ने के साथ तेज धूप निकलने से गर्मी महसूस हुई। मौसम का यह उतार-चढ़ाव फिलहाल जारी रहने की संभावना है। शाम होते ही तापमान में गिरावट के साथ ठंडक बढ़ने लगेगी। डॉक्टरों के मुताबिक, दिन और रात के तापमान में अंतर सेहत पर भारी पड़ सकता है। ऐसे में सुबह और शाम विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

फिलहाल दिन में गर्मी का रहेगा असर

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पिछले चार दिनों में रात का पारा 4.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर चुका है। फिलहाल उत्तर-पश्चिमी हवाओं की निरंतरता नहीं बन पा रही है। बंगाल की खाड़ी में बनने वाले चक्रवातों के प्रभाव से मध्य उत्तर प्रदेश तक हवाओं की दिशा बदलती रहती है। ऐसे में अभी दिन के तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना कम है। धूप निकलने के कारण दिन गर्म बने रहेंगे।

शाम छह बजे के बाद बढ़ेगी ठंडक

डॉ. पांडेय के मुताबिक, दिन में गर्मी और रात में ठंड का असर स्वास्थ्य पर प्रतिकूल पड़ सकता है। खासकर शाम छह से सात बजे के बीच घर लौटने वाले लोगों को ठंडक महसूस होगी। ऐसे में लोग जैकेट, हाफ स्वेटर या सदरी का इस्तेमाल करें। सुबह घर से निकलते समय और शाम को लौटते वक्त ठंड से बचाव जरूरी है।

बुधवार को 31 डिग्री रहा अधिकतम तापमान

सीएसए की ओर से बुधवार को जारी मौसम रिपोर्ट के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक था। सुबह और शाम सर्द हवाओं के कारण ठंडक रही, जबकि दिन में धूप निकलने से गर्मी का एहसास हुआ। फिलहाल मौसम का यही मिला-जुला मिजाज बने रहने के आसार हैं।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *