ट्रक के नीचे सो रहा था खलासी, पहिए के नीचे आने से दर्दनाक मौत
चालक ट्रक लेकर मौके से फरार, पुलिस ने शुरू की तलाश
हमीरपुर के मौदहा कोतवाली क्षेत्र में नरायच गांव के पास नेशनल हाईवे-34 पर देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े ट्रक के नीचे सो रहे खलासी की उसी ट्रक के पहिए की चपेट में आने से कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान दिनेश कुमार पुत्र विश्वनाथ पटवा, निवासी सीताराम कॉलोनी, शुक्लागंज, थाना गंगाघाट, जनपद उन्नाव के रूप में हुई है। बताया गया कि चालक ने रात में नरायच गांव के पास ट्रक सड़क किनारे खड़ा किया था। इसी दौरान दिनेश ट्रक के नीचे जाकर सो गया।
सुबह चालक ने ट्रक चलाने से पहले नीचे नहीं देखा। ट्रक आगे बढ़ते ही दिनेश पहिए की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया।
चालक और ट्रक की तलाश में जुटी पुलिस
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी संजय यादव ने बताया कि फरार चालक और ट्रक की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

