डेंगू और स्क्रब टाइफस प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग का अभियान, 880 घरों का सर्वे

डेंगू और स्क्रब टाइफस प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग का अभियान, 880 घरों का सर्वे

कानपुर। डेंगू और स्क्रब टाइफस के मामलों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में निरोधात्मक अभियान तेज कर दिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर नोडल अधिकारी (वीबीडी) डॉ. राजेश्वर सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने श्याम नगर और फेथफुलगंज समेत विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर बचाव कार्यों का सत्यापन किया।
टीम ने श्याम नगर स्थित सोनी ज्वैलर्स के पास सामने आए स्क्रब टाइफस के मामले तथा डीटीसी कैंट क्षेत्र के अंतर्गत यूपीएचसी फेथफुलगंज के समीप मिले डेंगू केस वाले क्षेत्रों का भौतिक निरीक्षण किया। प्रभावित स्थानों पर सोर्स रिडक्शन, लार्वानाशक छिड़काव और अन्य निरोधात्मक गतिविधियां कराई गईं। साथ ही लोगों को मच्छरजनित एवं संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताए गए।
यूपीएचसी फेथफुलगंज की फीवर हेल्प डेस्क का भी निरीक्षण किया गया। यहां बुखार सर्वेक्षण, जांच, सोर्स रिडक्शन समेत अन्य गतिविधियों की स्थिति देखी गई। बिल्हौर, बिधनू, कल्याणपुर, फेथफुलगंज और श्याम नगर में पोर्टल पर दर्ज डेंगू और स्क्रब टाइफस के मामलों के सापेक्ष आवश्यक कार्रवाई पूरी कराई गई है। बिल्हौर के रूगांव में डेंगू केस के बाद स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जहां 18 मरीजों की जांच हुई। इनमें एक मरीज की मलेरिया जांच भी की गई, लेकिन कोई भी मरीज धनात्मक नहीं मिला।

880 घरों का सर्वे, 12 में मिला लार्वा

स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने फेथफुलगंज, लोकमान मोहाल, शूटरगंज, ग्वालटोली, पोखरपुर, बाबूपुरवा, कृष्णा नगर, श्याम नगर, विष्णुपुरी, काकादेव, गुंजन विहार और यशोदा नगर समेत कई क्षेत्रों में एंटमोलॉजिकल सर्वेक्षण किया। अभियान के दौरान 880 घरों का सर्वेक्षण किया गया। इस दौरान 7,105 पात्रों की जांच की गई, जिसमें 12 घरों में लार्वा मिला, जबकि 20 घरों में लार्वा नष्ट कराया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घरों और आसपास पानी जमा न होने देने, जलभराव की स्थिति तत्काल समाप्त करने तथा मच्छरों से बचाव के लिए रिपेलेंट क्रीम का इस्तेमाल करने की अपील की है। लोगों को शरीर को पूरी तरह ढकने वाले कपड़े पहनने की भी सलाह दी गई।
संचारी एवं वाहक जनित रोगों से संबंधित सूचना के लिए यूएचएम चिकित्सालय, परेड स्थित कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0512-2333810 और 9335301096 तथा नगर निगम कंट्रोल रूम के 0512-2526004 और 2526005 पर संपर्क किया जा सकता है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *