ननिहाल आई सात वर्षीय बच्ची से दरिंदगी, चचेरा मामा फरार
चीख सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ा, पिटाई के बाद जंगल के रास्ते भाग निकला; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार देर शाम सात वर्षीय बच्ची के साथ उसके रिश्ते के चचेरे मामा द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक टॉफी-बिस्किट दिलाने के बहाने बच्ची को गांव के बाहर मक्के के खेत में ले गया, जहां उसने वारदात को अंजाम दिया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को आता देखकर आरोपी भागने लगा। लोगों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान मौका पाकर आरोपी जंगल के रास्ते भाग निकला। घटना की जानकारी मिलते ही बच्ची के स्वजन उसे लेकर बिधनू सीएचसी पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे काशीराम अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के मुताबिक बच्ची की हालत सामान्य है।
मां के साथ ननिहाल आई थी बच्ची
बच्ची मूलरूप से साढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। बुधवार को वह अपनी मां के साथ बिधनू क्षेत्र स्थित ननिहाल आई थी। गुरुवार देर शाम पड़ोस में रहने वाला 35 वर्षीय युवक उसे टॉफी-बिस्किट दिलाने के बहाने गांव के बाहर ले गया। आरोप है कि मक्के के खेत में उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची के चीखने की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। मौका मिलते ही आरोपी जंगल की ओर भाग निकला।
डीसीपी और एसीपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी और एसीपी घाटमपुर कृष्ण कांत सिंह फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं। बच्ची की मां की तहरीर पर देर रात पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
आरोपी की तलाश में दबिश
थाना प्रभारी टीबी सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। बच्ची की हालत सामान्य बताई गई है।

