डेंगू-मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता, 627 घरों में सर्वे
5,783 लोगों की जांच, 11 घरों में मिले लार्वा; 18 घरों में कराया गया लार्वा नष्ट
कानपुर। जिले में मलेरिया और डेंगू के प्रकरण सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में निरोधात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर नोडल अधिकारी (वीबीडी) डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर बुखार सर्वेक्षण, जांच, सोर्स रिडक्शन और लार्वानाशक छिड़काव की स्थिति का जायजा लिया।
कल्याणपुर के ग्राम भगवन्तपुर सचेंडी में मलेरिया का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्वास्थ्य कैंप का निरीक्षण किया। टीम ने बुखार से पीड़ित लोगों का सर्वेक्षण, जांच और मच्छरों के पनपने वाले स्रोतों को समाप्त करने की कार्रवाई का सत्यापन किया। ग्रामीणों को मलेरिया और डेंगू समेत अन्य मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए गए।
बिधनू में फाइलेरिया कार्यक्रम की तैयारी
ब्लॉक बिधनू में आगामी फाइलेरिया कार्यक्रम को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके तहत सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को प्रशिक्षण दिया गया, ताकि अभियान के दौरान लोगों को आवश्यक जानकारी और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
पांच क्षेत्रों में डेंगू के मामले
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार तिवारीपुर, पटकापुरवा, दानाखोरी, कुरुसवां और विकास नगर में डेंगू के प्रकरण सामने आने के बाद निरोधात्मक कार्रवाई कराई गई। प्रभावित क्षेत्रों में एंटोमोलॉजिकल सर्वेक्षण के साथ मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान की गई। पानी जमा होने वाले स्थानों पर सोर्स रिडक्शन, लार्वानाशक छिड़काव और जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
तिवारीपुर-2 समेत विभिन्न क्षेत्रों में 627 घरों और 5,783 पात्रों का सर्वेक्षण किया गया। सर्वेक्षण के दौरान 11 घर लार्वा धनात्मक पाए गए। इसके अलावा 18 घरों में लार्वा नष्ट कराया गया।
घरों में पानी जमा न होने देने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि घरों और आसपास पानी जमा न होने दें। कूलर, गमले, टायर, कबाड़ और अन्य ऐसे स्थानों की नियमित सफाई करें, जहां पानी ठहर सकता है। जलभराव वाले स्थानों को समाप्त करने के साथ मच्छररोधी क्रीम का प्रयोग करने और शरीर को पूरी तरह ढककर रखने की सलाह दी गई है।
विभाग ने लोगों से बुखार होने पर लापरवाही न बरतने और स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने की अपील की है। संचारी रोगों से संबंधित सूचना या जानकारी के लिए यूएचएम चिकित्सालय, परेड स्थित कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0512-2333810 और 9335301096 पर संपर्क किया जा सकता है। नगर निगम कंट्रोल रूम के नंबर 0512-2526004 और 2526005 भी जारी किए गए हैं।

