1254 श्रमिकों की सेहत की जांच, 13 परिवारों को मिले 29.78 लाख रुपये

1254 श्रमिकों की सेहत की जांच, 13 परिवारों को मिले 29.78 लाख रुपये

डीएम ने कहा- श्रमिकों का स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान औद्योगिक विकास की मजबूत नींव
कानपुर नगर। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंधना स्थित मेसर्स स्पीपिक फूड्स एलएलपी (गोल्डी ग्रुप मसाला फैक्ट्री) में आयोजित श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर में 1254 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर के दौरान बीओसीडब्ल्यू बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 13 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिजनों को कुल 29.78 लाख रुपये के हितलाभ प्रदान किए गए।
श्रम विभाग और ईएसआईसी के चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टाफ के सहयोग से आयोजित शिविर का शुभारंभ जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने दीप प्रज्ज्वलित कर और फीता काटकर किया। उन्होंने शिविर में लगाए गए स्वास्थ्य काउंटरों का निरीक्षण कर श्रमिकों को मिल रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली। डीएम ने स्वयं भी स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
शुगर, हीमोग्लोबिन, बीपी और ईसीजी की जांच
शिविर में 1254 श्रमिकों की स्वास्थ्य जांच की गई। पैथोलॉजिकल जांच के साथ शुगर, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर और ईसीजी की जांच हुई। चिकित्सकों ने जरूरत के अनुसार श्रमिकों को दवाएं वितरित करने के साथ चिकित्सीय परामर्श भी दिया।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि कानपुर प्रमुख औद्योगिक नगरी है और यहां बड़ी संख्या में श्रमिक विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं। श्रमिकों का स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान औद्योगिक विकास के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने श्रम विभाग को ऐसे स्वास्थ्य एवं कल्याण शिविर नियमित अंतराल पर आयोजित कराने के निर्देश दिए।
13 श्रमिक परिवारों को 29.78 लाख की सहायता
बीओसीडब्ल्यू बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के तहत 13 पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और उनके परिजनों को सहायता के प्रमाण पत्र दिए गए। इनमें निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना, कन्या विवाह सहायता योजना तथा मातृत्व, शिशु एवं बालिका सहायता योजना शामिल हैं। इन योजनाओं के तहत कुल 29.78 लाख रुपये के हितलाभ प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में अटल आवासीय विद्यालय और विहान आवासीय विद्यालयों में आयोजित कला, वाद-विवाद, निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को भी जिलाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
अपर श्रमायुक्त उत्तर प्रदेश जुनैद अहमद ने श्रमिकों को श्रम कानूनों और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। अपर श्रमायुक्त कानपुर क्षेत्र शमीम अख्तर ने कहा कि श्रमिकों के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए इस तरह के शिविर आगे भी आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने कहा कि श्रमिकों का सम्मान, स्वास्थ्य और कल्याण सशक्त, सुरक्षित एवं प्रगतिशील औद्योगिक समाज की नींव है।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, ईएसआईसी की मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बबिता यादव, उप निदेशक कारखाना सचिन यादव, श्रम प्रवर्तन अधिकारी पवन कुमार समेत श्रम विभाग, ईएसआईसी और गोल्डी ग्रुप के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *