किसान रोड पर कंटेनर-पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत, दो चालकों की मौत
सीढ़ी क्रॉसिंग के आगे हुआ दर्दनाक हादसा, राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस

कानपुर। सचेंडी थाना क्षेत्र के किसान रोड पर गुरुवार को तेज रफ्तार कंटेनर और पिकअप लोडर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के चालकों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों को बिधनू सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार पतारा क्षेत्र के रायपुर गांव निवासी कुलदीप अवस्थी (40) पिकअप लोडर चालक थे। वह सीढ़ी स्टेशन के पास स्थित दुकानों में कोल्ड ड्रिंक उतारने के बाद पिकअप लेकर बिधनू की ओर जा रहे थे। बताया गया कि क्रॉसिंग पार कर आगे बढ़ते ही सामने से तेज रफ्तार में आ रहे कंटेनर से उनकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
टक्कर के बाद मौके पर मची अफरातफरी
दोनों वाहनों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को हादसे की सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले लोगों ने दोनों चालकों को वाहनों से बाहर निकालकर बिधनू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
सीएचसी में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कंटेनर चालक की पहचान में जुटी पुलिस
हादसे में जान गंवाने वाले पिकअप चालक कुलदीप अवस्थी की पहचान हो गई है। वहीं सचेंडी पुलिस कंटेनर चालक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

