तेज रफ्तार कार की टक्कर से 12 वर्षीय किशोर की मौत, हादसे के बाद चालक फरार
कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के सिकटिया गांव में बुधवार सुबह तेज रफ्तार कार की टक्कर से 12 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। किशोर खेत से ट्यूबवेल देखकर घर लौट रहा था, तभी सिकटिया बाजार के पास कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल किशोर को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक कार समेत मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान सिकटिया गांव निवासी रामशरण गोस्वामी के 12 वर्षीय पुत्र सचिन गोस्वामी के रूप में हुई है। सचिन कक्षा आठ का छात्र था। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
टक्कर के बाद पेड़ से भिड़ी कार
मृतक के बड़े भाई लवकुश गोस्वामी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 10 बजे सचिन खेत पर ट्यूबवेल देखने गया था। वहां से वापस घर लौटते समय सिकटिया बाजार के पास तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सचिन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई।
आरोप है कि कार चालक नीचे उतरकर किशोर को देखने पहुंचा, लेकिन उसकी गंभीर हालत देखकर वह कार लेकर मौके से भाग निकला। आसपास मौजूद लोगों ने घायल सचिन को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में परिजन उसे कांशीराम अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
तीन भाइयों में मंझला था सचिन
सचिन के पिता रामशरण गोस्वामी खेती-किसानी करते हैं। परिवार में मां कौशल्या, बड़ा भाई लवकुश और एक छोटा भाई है। तीन भाइयों में सचिन मंझला था। बेटे की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सीसीटीवी फुटेज से चालक की तलाश
हादसे की सूचना पर पहुंची महाराजपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार कार चालक और वाहन की पहचान की जा सके।
पुरवामीर चौकी प्रभारी पुष्पराज सिंह ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


