जिन पोतों को देखने के लिए दादी ने बुलाया था, रविवार को घर पहुंचे उनके शव, बेटों को आखिरी कंधा भी न दे सका पिता
तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार पिता और दो मासूम बेटों को रौंदा था, दोनों भाइयों की मौत; पिता आईसीयू में जिंदगी और मौत से जूझ रहा, शव देखते ही मां बिलखी, पोतों के कपड़ों से लिपटकर बेसुध हुई दादी

कानपुर। दो दिन पहले जिन पोतों को देखने के लिए दादी रामप्यारी ने गांव बुलाया था, रविवार को उन्हीं के शव घर पहुंचे तो परिवार की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले चार साल के आयुष और ढाई साल के पीयूष के शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचे तो मां लक्ष्मी का कलेजा फट पड़ा। वह कभी आयुष को पुकारती तो कभी पीयूष को सीने से लगाने के लिए बिलखती रही। दादी रामप्यारी अपने पोतों के कपड़ों से लिपटकर रोने लगीं। कुछ देर बाद वह यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर सकीं और बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ीं। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि दोनों मासूमों का पिता अमर बहादुर खुद हैलट अस्पताल के आईसीयू में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। जिन बेटों को कभी अपने कंधों पर बैठाकर दुनिया दिखाता था, उन्हीं जिगर के टुकड़ों को आखिरी विदाई में कंधा भी नहीं दे सका। एक हादसे ने मां की गोद सूनी कर दी और दादी से उनके बुढ़ापे की खुशियां छीन लीं।
बिधनू थाना क्षेत्र में शनिवार को जहानाबाद रोड पर मझावन कस्बे के पहले कैनरा बैंक के सामने यह दर्दनाक हादसा हुआ था। भारू गांव निवासी किसान अमर बहादुर निषाद (32) अपने दो बेटों आयुष (4) और पीयूष (ढाई वर्ष) को बाइक से लेकर ससुराल जहानाबाद जा रहे थे। जैसे ही वह मझावन कस्बे के शुरुआती हिस्से में कैनरा बैंक के सामने पहुंचे, तभी साढ़ की तरफ से आ रही सवारियों से भरी तेज रफ्तार निजी बस के चालक ने ओवरटेक करने की जल्दबाजी में उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर आगे बैठा छोटा बेटा पीयूष उछलकर बस के अगले शीशे से जा टकराया। इसके बाद चालक ने बस की रफ्तार बढ़ा दी। इस दौरान पीछे बैठे आयुष को बस करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे में दोनों मासूम भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो दिन पहले ही दादी के पास आए थे दोनों मासूम
परिजनों के मुताबिक अमर बहादुर की सास की जून महीने में मौत हो गई थी। इसके बाद उसकी पत्नी लक्ष्मी पति और दोनों बच्चों के साथ जहानाबाद स्थित मायके में रहने लगी थी। दीपावली के बाद बच्चों की दादी रामप्यारी दोनों नातियों से मिलने के लिए उन्हें बुला रही थीं। दादी की इच्छा पर दो दिन पहले ही अमर बहादुर दोनों बच्चों को लेकर भारू गांव आया था। घर में दोनों बच्चों के आने से दादी बेहद खुश थीं। शनिवार को अमर बहादुर दोनों बेटों को लेकर वापस जहानाबाद जा रहा था, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने पूरे परिवार की जिंदगी बदल दी। जिन बच्चों को दादी ने कुछ दिन अपने पास रखने और दुलारने के लिए बुलाया था, रविवार को उन्हीं के शव देखकर उनका कलेजा कांप उठा।
बच्चों के शव देखते ही मां की चीखें गूंजीं
हादसे के बाद राहगीरों ने बस का पीछा किया और रमईपुर के पास चालक को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। उधर, बिधनू पुलिस ने घायल अमर बहादुर को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद हैलट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए थे। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जब दोनों मासूमों के शव घर पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया। मां लक्ष्मी बच्चों के शव देखकर बदहवास हो गईं। वह बार-बार अपने बेटों को पुकारती रहीं। परिवार की महिलाएं उन्हें संभालने का प्रयास करती रहीं, लेकिन मां का दर्द थमने का नाम नहीं ले रहा था। वहीं दादी रामप्यारी पोतों के कपड़ों से लिपटकर बिलखती रहीं। पोतों को इस हालत में देखकर वह बेसुध होकर गिर पड़ीं।
एक तरफ मां अपने दोनों बेटों को खोने के गम में टूट चुकी थी, तो दूसरी तरफ पिता अस्पताल में जिंदगी बचाने के लिए संघर्ष कर रहा था। जिस पिता को अपने बच्चों के साथ घर लौटना था, वह उनकी अंतिम विदाई में शामिल तक नहीं हो सका। जिस घर में दोनों भाइयों की शरारतें और किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा था। हादसे ने पूरे परिवार को ऐसा जख्म दिया, जिसे शायद वक्त भी कभी नहीं भर पाएगा। बिधनू पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
डग्गामार बसों पर कार्रवाई नहीं, हादसों के बाद भी बेखौफ संचालन

बिधनू में शनिवार को तेज रफ्तार बस की टक्कर से दो मासूम भाइयों की मौत और पिता के गंभीर रूप से घायल होने की घटना ने क्षेत्र में दौड़ रही डग्गामार बसों के संचालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बकेवर से बारादेवी और जहानाबाद से बारादेवी के बीच करीब दो दर्जन डग्गामार बसें रोजाना फर्राटा भरती हैं। आरोप है कि इन बसों में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई जाती हैं और चालक तेज रफ्तार में बसें दौड़ाते हैं। आए दिन इन बसों से हादसे होने के बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। शनिवार को हुए हादसे के बाद भी सवाल यही है कि आखिर कब इन ओवरलोड डग्गामार बसों पर लगाम लगेगी और कब सड़क पर सफर करने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी?


