राधा प्राकट्योत्सव पर गूंजे बधाई गीत, भजन-कीर्तन से राधामय हुआ केशव नगर

राधा प्राकट्योत्सव पर गूंजे बधाई गीत, भजन-कीर्तन से राधामय हुआ केशव नगर

कानपुर। राधा प्राकट्योत्सव के पावन अवसर पर केशव नगर स्थित रामेष्ट धाम, केशव मधुवन वाटिका में केशव मधुवन सेवा समिति की महिला सदस्यों की ओर से बधाई गीत एवं भजन-कीर्तन का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन को लेकर मंदिर परिसर को फूलों और रंग-बिरंगे गुब्बारों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई और पूरा परिसर भक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान महिला सदस्यों ने भगवान श्रीराधा-कृष्ण के भजनों के साथ राधा रानी के प्राकट्य की खुशी में पारंपरिक बधाई गीत प्रस्तुत किए। “बरसाने में बजत बधाई, रानी कीरत ने कन्या जाई” और “राधा रानी ने जन्म लिया, आज बधाई बजे बरसाने, राधा रानी का भयो अवतार, बधाई बाज रही” जैसे गीतों पर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। भजन-कीर्तन के बीच महिलाओं ने तालियां बजाकर राधा रानी के जयकारे लगाए, जिससे मंदिर परिसर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
महिला सदस्यों ने कहा कि राधा रानी का प्राकट्योत्सव श्रद्धा, प्रेम और भक्ति का पर्व है। इस अवसर पर बधाई गीतों और भजनों के माध्यम से राधा रानी के प्राकट्य की खुशी मनाई गई। कार्यक्रम में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और एक-दूसरे को राधा प्राकट्योत्सव की शुभकामनाएं दीं।
आयोजन के दौरान मंदिर की साज-सज्जा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। फूलों से सजे मंदिर परिसर और भक्ति गीतों से वातावरण में आध्यात्मिक ऊर्जा बनी रही। श्रद्धालुओं ने राधा रानी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर किदवई नगर विधायक महेश त्रिवेदी की पत्नी आशा त्रिवेदी, ममता शर्मा, नीतू मिश्रा, राजेश्वरी दुबे, रेनू अवस्थी, बेबी शुक्ला, जयंती बाजपेई, मधु मिश्रा, बिनीता दीक्षित, जया त्रिपाठी, स्मिता सहित समिति की महिला सदस्य एवं अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे। आयोजन के अंत में सभी ने राधा रानी के जयकारे लगाए और प्रसाद ग्रहण किया।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *