एफएचटीसी लक्ष्य पूरा होने वाली योजनाओं में खुली बैठक से होगा ‘हर घर जल’ प्रमाणीकरण
डीएम ने कहा—जल जीवन मिशन की परियोजनाएं गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से हों पूरी
कानपुर । जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जल जीवन मिशन के तहत संचालित ‘हर घर नल से जल’ परियोजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने ग्रामीण परिवारों को नियमित और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के साथ निर्माणाधीन परियोजनाओं को तय गुणवत्ता और समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
खुली बैठक में होगा ‘हर घर जल’ प्रमाणीकरण
जिन योजनाओं में एफएचटीसी (Functional Household Tap Connection) का निर्धारित लक्ष्य पूरा हो चुका है, उनमें ग्राम सभा की खुली बैठक आयोजित कर ‘हर घर जल’ मार्किंग एवं प्रमाणीकरण की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए गए।
प्रत्येक गांव में पेयजल आपूर्ति का रोस्टर तैयार कर निर्धारित समय पर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने और रोस्टर को ओवरहेड टैंक, पंप हाउस व पंचायत भवन पर प्रदर्शित कराने को कहा गया। विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
थर्ड पार्टी जांच रिपोर्ट का होगा पुनर्परीक्षण
बैठक में परियोजनाओं के थर्ड पार्टी निरीक्षण की समीक्षा की गई। डीएम ने मुख्य विकास अधिकारी को थर्ड पार्टी निरीक्षण और रिपोर्ट के पुनर्परीक्षण के लिए समिति गठित करने के निर्देश दिए। समिति रिपोर्ट की जांच के साथ जरूरत पड़ने पर स्थलीय सत्यापन भी करेगी, ताकि तकनीकी मानकों और निर्माण गुणवत्ता में कोई कमी न रहे।
ओवरहेड टैंक की हाइड्रो टेस्टिंग के बाद ही जलापूर्ति
जिलाधिकारी ने सभी योजनाओं में निर्मित ओवरहेड टैंक की निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार हाइड्रो टेस्टिंग कराने के बाद ही पेयजल आपूर्ति शुरू करने के निर्देश दिए।
सुरक्षित पेयजल के लिए निर्धारित मात्रा में क्लोरीनेशन, नियमित अंतराल पर पानी के नमूनों की जांच और एफटीके प्रशिक्षित महिलाओं के माध्यम से जल गुणवत्ता परीक्षण कराने को कहा गया।
सड़कें तत्काल होंगी दुरुस्त
पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों को हाइड्रो टेस्टिंग और अन्य आवश्यक कार्य पूरे होने के तत्काल बाद पुनर्स्थापित करने के निर्देश दिए गए। जरूरत के अनुसार एचडीडी मशीन का अधिक उपयोग करने को कहा गया, जिससे ग्रामीणों और आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।
जेजेएम पोर्टल पर अपडेट होगी प्रगति
डीएम ने परियोजनाओं की प्रगति नियमित रूप से जल जीवन मिशन पोर्टल पर अपडेट करने, योजना के सूचना पट्ट पर नवीनतम जानकारी दर्ज कराने तथा फोटो-वीडियो और जियो-टैगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पूर्ण हो रही योजनाओं में ट्रायल रन पूरा कर संचालन एवं अनुरक्षण की प्रक्रिया शुरू करने तथा जल अर्पण एवं हैंडओवर की कार्रवाई समयबद्ध रूप से पूरी करने को कहा गया।
शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण
जनप्रतिनिधियों और शिकायत निवारण पोर्टल से प्राप्त पेयजल संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। थर्ड पार्टी निरीक्षण में सामने आई निर्माण गुणवत्ता से जुड़ी लंबित कमियों और टिप्पणियों का भी निर्धारित समयसीमा में शत-प्रतिशत निस्तारण कराने को कहा गया। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि जल जीवन मिशन सरकार की प्राथमिकता वाली योजना है। सभी अधिकारी और कार्यदायी संस्थाएं गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करते हुए ग्रामीण परिवारों तक नियमित एवं सुरक्षित पेयजल पहुंचाना सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

