रात में ही बाजारों से उठेगा कूड़ा, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

रात में ही बाजारों से उठेगा कूड़ा, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

डीएम, नगर आयुक्त व सीडीओ ने आधी रात किया शहर का निरीक्षण

कानपुर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने बुधवार रात करीब 10 बजे शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर कूड़ा उठान, स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नरोना चौराहा, एक्सप्रेस रोड समेत कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बाजारों में दुकानें बंद होते ही रात में कूड़ा उठान सुनिश्चित किया जाए। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त वाहन एवं कर्मचारियों की व्यवस्था की जाए। कूड़ा उठाने वाले वाहनों के निर्धारित रूट और समय-सारिणी की नियमित मॉनिटरिंग भी की जाए।
एक्सप्रेस रोड की गंदगी पर डीएम नाराज
एक्सप्रेस रोड स्थित गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट पर अत्यधिक गंदगी मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने तीन दिन के भीतर पूरे मार्ग की समुचित सफाई कराने के निर्देश दिए। तीन दिन बाद दोबारा स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
साथ ही नियमित नाइट स्वीपिंग और समयबद्ध कूड़ा उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
घसियारी मंडी का कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन भेजा जाएगा
घसियारी मंडी के पास स्थित गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट को समाप्त कर वहां जमा होने वाले कूड़े को नजदीकी ट्रांसफर स्टेशन भेजने के निर्देश दिए गए। स्थल को व्यवस्थित करने के लिए इंटरलॉकिंग कराने की बात भी कही गई।
नगर आयुक्त ने एक्सप्रेस रोड के दोनों ओर सीसी रोड निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने, खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराने और रात के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
कूड़ा फेंकने वालों पर लगेगी रोक
अधिकारियों ने निर्देश दिया कि सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा दिखाई नहीं देना चाहिए। व्यापारियों और दुकानदारों से संवाद कर उन्हें कूड़ा निर्धारित वाहन/स्थान पर ही देने के लिए जागरूक किया जाए और IEC गतिविधियां संचालित की जाएं। रात में सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों पर प्रभावी रोक लगाने के भी निर्देश दिए गए।
गार्बेज प्वाइंट को बनाया जाएगा व्यवस्थित
निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए गए कि गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट को साफ कर व्यवस्थित किया जाए। स्थल पर बैठने के लिए बेंच लगाई जाएं और आकर्षक वॉल पेंटिंग कराकर स्थान का सौंदर्यीकरण किया जाए।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *