जमीन विवाद में एकतरफा कार्रवाई करना चौकी इंचार्ज को पड़ा भारी, निलंबित
महाराजपुर के मोतीपुर गांव में दो सगे भाइयों के बीच चल रहा है प्लॉट के मालिकाना हक का विवाद, जांच में शिकायत सही मिलने पर डीसीपी पूर्वी ने की कार्रवाई
कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र की शेखपुर चौकी इंचार्ज अनुज पटेल को रविवार को निलंबित कर दिया गया। उन पर जमीन विवाद में एक पक्ष के समर्थन में एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप था। पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस अधिकारियों से शिकायत किए जाने के बाद मामले की जांच कराई गई। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने निलंबन की कार्रवाई की।
प्लॉट के मालिकाना हक को लेकर भाइयों में विवाद
मामला महाराजपुर थाना क्षेत्र के मोतीपुर गांव का है। यहां एक प्लॉट के मालिकाना हक को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद चल रहा है। आरोप है कि इस मामले में शेखपुर चौकी इंचार्ज अनुज पटेल ने निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय एक पक्ष का समर्थन करते हुए दूसरे पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की। इससे असंतुष्ट पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की थी।
जांच में अनियमितता मिलने पर कार्रवाई
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर मामले की जांच कराई गई। जांच के दौरान चौकी इंचार्ज की कार्रवाई में अनियमितता पाए जाने के बाद डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने उन्हें निलंबित कर दिया। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई से महकमे में हलचल मच गई है।


