मुलायम सिंह यादव की जयंती पर सपा ने दिखाई एकजुटता, 2027 के चुनाव की तैयारी का दिया संदेश
मैस्कर घाट पर 1100 मीटर चुनरी अर्पित कर जलाए 11 हजार दीप, शहर में पदयात्रा, भंडारा और सेवा कार्यों के जरिए याद किए गए नेताजी
कानपुर। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जन्मतिथि रविवार को कानपुर में श्रद्धांजलि, सामाजिक सेवा और संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन के रूप में मनाई गई। शहर में अलग-अलग स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेताजी के समाजवादी विचारों, गरीबों, किसानों और वंचित वर्गों के लिए किए गए संघर्ष को याद किया। इस दौरान 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने की कोशिश की गई।
मैस्कर घाट पर 11 हजार दीपों से जगमगाया गंगा तट
![]()
मैस्कर घाट पर मुलायम सिंह यादव की जयंती पर मां गंगा को 1100 मीटर लंबी चुनरी अर्पित की गई। इसके साथ ही 11 हजार दीप जलाकर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल और आजमगढ़ के सांसद धर्मेंद्र यादव शामिल हुए। राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. नीतेंद्र यादव और राष्ट्रीय सचिव अपर्णा बंसल जैन के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम के बाद पूरा घाट दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। इस दौरान विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा पर निशाना साधते हुए नेताओं ने कहा कि पार्टी अपने राजनीतिक पुरखों के आदर्शों को भूल गई है। वक्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के दौर की राजनीति का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय राजनीतिक मर्यादा और वैचारिक स्तर का विशेष महत्व था, जबकि मौजूदा दौर में अमर्यादित और अराजक तत्वों को संरक्षण दिया जा रहा है।
अखिलेश यादव की धार्मिक आस्था पर उठाए जा रहे सवालों के जवाब में कहा गया कि उनकी श्रद्धा किसी प्रमाण की मोहताज नहीं है। भगवान श्रीकृष्ण के प्रति आस्था उनका व्यक्तिगत विषय है। वहीं, विरोधी नेताओं के आजमगढ़ दौरे को लेकर कहा गया कि ऐसे नेता पहले भी पूर्वांचल का दौरा कर चुके हैं और अपने बेटे को चुनाव लड़ाया था, लेकिन घोसी में उन्हें बड़ी हार का सामना करना पड़ा। ऐसे दौरों से सपा पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
पदयात्रा निकालकर पीडीए का संदेश घर-घर पहुंचाने की अपील
शहर के अन्य आयोजनों में भी 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी का संदेश प्रमुखता से उभरा। प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने मुलायम सिंह यादव के समाजवादी विचारों और गरीबों, किसानों तथा वंचित वर्गों के हित में किए गए संघर्ष को याद किया। महानगर कार्यालय में महानगर अध्यक्ष हाजी फजल महमूद ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय होने और पीडीए का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बिठूर के कठारा गांव में बृजेन्द्र यादव एडवोकेट की ओर से जनता हुंकार परिवर्तन रैली आयोजित की गई। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और 2027 में सपा की सरकार बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान क्षेत्र की जनसमस्याओं को भी उठाया गया।
कहीं बूंदी-हलवा तो कहीं चाय-बिस्कुट का वितरण
महाराजपुर में महिमा सिंह यादव के नेतृत्व में संविधान बचाओ-पीडीए पदयात्रा निकाली गई। विधायक अमिताभ बाजपेई ने घंटाघर पर लोगों को बूंदी और हलवा वितरित किया। गोविंदनगर में सम्राट विकास यादव ने कार्यकर्ताओं के साथ मुलायम सिंह यादव के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
युवजन सभा अध्यक्ष अर्पित त्रिवेदी ने नौबस्ता में चाय-बिस्कुट वितरित किए। इसके अलावा उर्सला अस्पताल, एहसान करीम अस्पताल और कैनाल रोड पर फल वितरण तथा रक्तदान जैसे सेवा कार्य आयोजित किए गए। पूरे दिन शहर में श्रद्धांजलि कार्यक्रमों के साथ संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का संदेश दिया गया।


