राधिका अपार्टमेंट अग्निकांड- इनामी फाइनेंसर ICU में छिपा मिला
कानपुर पुलिस ने 23 अस्पतालों में छापे मारे, रिश्तेदार बोले- वह बीमार है
कानपुर। कानपुर के राधिका अपार्टमेंट अग्निकांड में फरार चल रहा 20 हजार रुपए का इनामी फाइनेंसर प्यारे खान पुलिस से बचने के लिए अस्पताल के आईसीयू में इलाज करा रहा है। पुलिस को रिश्तेदारों से उसके बीमार होने और चोरी-छिपे अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिली है।
इसके बाद गुरुवार को पुलिस ने शहर के 23 अस्पतालों में उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। पुलिस अब दूसरे सर्किल के अस्पतालों में भी छानबीन करेगी। इस बीच बिल्डरों से जुड़े रिश्तेदारों और परिचितों से भी पूछताछ की गई है।

16 नवंबर की तड़के आग में दो लोगों की हुई थी मौत
पटकापुर स्थित श्रीगणेश मंदिर वाली गली में 16 नवंबर को तड़के करीब 3:30 बजे राधिका अपार्टमेंट के मीटर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी। आग की चपेट में आकर ग्राउंड फ्लोर पर खड़े वाहन धू-धूकर जलने लगे। कुछ ही देर में लपटें पूरी बिल्डिंग में फैल गईं। बाहर निकलने की कोशिश में राखी साहू की बालकनी से गिरकर मौत हो गई, जबकि प्रांजुल बाथम की धुएं में दम घुटने से जान चली गई।
इस मामले में फीलखाना पुलिस ने प्रांजुल के पिता अनिल बाथम की तहरीर पर बिल्डर मोहित तिवारी, फाइनेंसर प्यारे खान, पूर्व पार्षद व हिस्ट्रीशीटर मन्नू रहमान, शफीक और सरबजीत कौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस मुख्य आरोपी मोहित तिवारी को जेल भेज चुकी है, जबकि प्यारे खान की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
परिवार के मोबाइल बंद, रिश्तेदारों से मिली बीमारी की जानकारी
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्यारे खान का परिवार मोबाइल बंद करके फरार है। रिश्तेदारों से पूछताछ में पता चला कि प्यारे खान बीमार है और अस्पताल में भर्ती है। इसी वजह से कोर्ट में सरेंडर की अर्जी देने के बावजूद वह पेश नहीं हुआ। रिश्तेदारों ने उसके आईसीयू में इलाज कराने की जानकारी दी है।
इसके बाद पुलिस ने गुरुवार को शहर के 23 अस्पतालों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। एसीपी कोतवाली ने बताया कि सर्किल के सभी अस्पतालों में पुलिस टीम भेजकर छानबीन कराई गई है। अब दूसरे सर्किल के अस्पतालों में भी तलाश की जाएगी।
बिल्डरों से दोस्ती, जमीनों में मिलकर लगाते थे पैसा
पुलिस सूत्रों के मुताबिक फरार इनामी शफीक के भाई शहनवाज, उसके जीजा शुभान, प्यारे खान के दामाद अकबर और केडीए के रिटायर्ड कर्मचारी सिद्दू से पूछताछ की गई है। पूछताछ में सामने आया कि प्यारे खान की बिल्डर मोहित तिवारी और शफीक से दोस्ती थी। तीनों मिलकर जमीनों में पैसा लगाते थे।
सरिया से सीमेंट तक का भुगतान नकद में होता था
केडीए के रिटायर्ड कर्मचारी सिद्दू ने पूछताछ में बताया कि बिल्डिंग निर्माण के लिए सरिया खरीदनी हो या सीमेंट, सभी भुगतान नकद में किए जाते थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक केडीए कर्मचारियों की मिलीभगत से अवैध बिल्डिंगों का निर्माण कराया जाता था। अब पुलिस आरोपियों के वित्तीय लेनदेन की पड़ताल कर रही है। इसके लिए संबंधित लोगों के बैंक खातों की डिटेल मांगी गई है।

