हॉस्टल में छात्र को डंडों से पीटा, शिकायत करने पहुंचे पिता के साथ भी मारपीट का आरोप

कॉपी देने में देरी पर कक्षा नौ के छात्र की पिटाई का आरोप, विद्यालय प्रबंधन से जुड़े लोगों पर लगे गंभीर आरोप; पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराकर शुरू की जांच

कानपुर। साढ़ थाना क्षेत्र के कुड़नी स्थित हरे रामा हरे कृष्णा केजीपी इंटर कॉलेज के हॉस्टल में कक्षा नौ के 13 वर्षीय छात्र की पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि कॉपी देने में देरी होने पर विद्यालय प्रबंधन से जुड़े दो भाइयों ने छात्र को लात-घूंसों और डंडों से पीट दिया। छात्र के शरीर पर चोट के निशान आने की बात कही जा रही है। वहीं, बेटे के साथ हुई मारपीट की शिकायत लेकर विद्यालय पहुंचे पिता के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार फतेहपुर जिले के बकेवर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी जयसिंह यादव का 13 वर्षीय पुत्र अवनीश यादव कुड़नी पेट्रोल पंप के सामने स्थित कॉलेज में कक्षा नौ का छात्र है और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता है। परिजनों का आरोप है कि 23 नवंबर की सुबह करीब नौ से दस बजे के बीच पर्वत खेड़ा निवासी अमन यादव और उसके भाई निर्मल यादव ने छात्र से कॉपी मांगी। कॉपी देने में देरी होने पर दोनों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि छात्र को डंडों से भी पीटा गया। बताया जा रहा है कि निर्मल यादव विद्यालय प्रबंधक का पुत्र है।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले विद्यालय के शिक्षकों ने छात्र से क़ृषि कार्य कराया था।
जिसके चलते थकान के चलते वह धूप में बैठा था, तभी उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद शाम को नोटबुक देने में देरी को लेकर दोबारा पिटाई की गई।

घटना की जानकारी मिलने पर छात्र के पिता जयसिंह यादव शिकायत करने विद्यालय पहुंचे, जहां उनके साथ भी अभद्रता और मारपीट किए जाने का आरोप है। गुरुवार को छात्र की मां सीमा यादव और पिता ने साढ़ थाने पहुंचकर आरोपितों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने घायल छात्र को मेडिकल परीक्षण के लिए भीतरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा है। पुलिस का कहना है कि तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *