कानपुर में हॉस्टल के कमरे में मिला डिलीवरी बॉय का सड़ा-गला शव, पास में मिला सुसाइड नोट
तीन दिन से कमरे से बाहर नहीं निकला था युवक, नोट में लिखा- मरना तो एक दिन सबको है, अच्छे कर्म करते रहिए
कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में एक हॉस्टल के कमरे में डिलीवरी बॉय का शव फंदे से लटका मिला। शव कई दिन पुराना होने के कारण सड़-गल चुका था। कमरे से तेज दुर्गंध आने पर हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्रों ने मालिक को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुई। अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें लिखा था- ‘मरना तो एक दिन सबको है, इसलिए अच्छे कर्म करते रहिए।’
मृतक की पहचान बरेली के नौगवां निवासी केशव वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सूचना दे दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
कंपनी में नौकरी मिलने की बात कहकर आया था कानपुर

पुलिस के मुताबिक, केशव के पिता गोपाल वर्मा फिलहाल परिवार के साथ हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में रहते हैं। वहां वह रेहड़ी लगाते हैं। परिवार में मां कमलेश, बहन लक्ष्मी और छोटा भाई कार्तिक हैं। गोपाल वर्मा ने बताया कि केशव ने आईटीआई किया था। वह एक ऑटोमोबाइल कंपनी में नौकरी मिलने की बात कहकर कानपुर आया था। यहां वह डिलीवरी का काम कर रहा था।
17 अक्टूबर को हॉस्टल में लिया था कमरा
पुलिस के अनुसार, केशव 17 अक्टूबर को कल्याणपुर कला स्थित अवनीश यादव बॉयज हॉस्टल में रहने आया था। उसे हॉस्टल की दूसरी मंजिल पर कमरा मिला था। वहां रहने वाले छात्रों ने उसे आखिरी बार 19 नवंबर को देखा था। इसके बाद वह कमरे से बाहर नहीं निकला।
सोमवार सुबह कमरे से तेज दुर्गंध आने पर छात्रों को शक हुआ। उन्होंने दरवाजे पर आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद हॉस्टल मालिक को जानकारी दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया तो केशव का शव फंदे से लटका मिला। शव की हालत काफी खराब हो चुकी थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। केशव की मां कमलेश और बहन लक्ष्मी दवा लेने के लिए लखनऊ आई हुई थीं। सूचना मिलने के बाद वे सीधे पोस्टमार्टम हाउस पहुंच रही हैं।
थाना प्रभारी केशव तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हॉस्टल में रहने वाले छात्रों और मालिक से भी जानकारी जुटा रही है।


