संविधान दिवस पर 723 विद्यालयों में होंगे जागरूकता कार्यक्रम, बीएनएसडी इंटर कॉलेज में होगा प्रस्तावना का सामूहिक पाठ
28 नवंबर को ई-चालानी के लंबित मामलों के निस्तारण के लिए लगेगी विशेष लोक अदालत, सेतु ऐप से घर बैठे भी मिलेगी सुविधा
कानपुर । संविधान दिवस के अवसर पर जनपद कानपुर नगर में 26 नवंबर को व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित इस अभियान में जनपद के 723 विद्यालयों के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। मुख्य कार्यक्रम बीएनएसडी इंटर कॉलेज, चुन्नीगंज में आयोजित होगा, जहां विद्यार्थी संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करेंगे।
पूर्णकालिक सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कानपुर नगर सुदेश कुमारी ने बताया कि माननीय कार्यपालक अध्यक्ष के निर्देश तथा जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनमोल पाल की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विद्यालयों में विधिक साक्षरता क्लबों के माध्यम से संविधान संवाद, संवैधानिक साक्षरता अभियान, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, बाइट और नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को संविधान के महत्व और उनके मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा।
बीएनएसडी इंटर कॉलेज में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में संविधान विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही विभिन्न विद्यालयों के नोडल शिक्षक अपने छात्र-छात्राओं के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करेंगे।
28 नवंबर को विशेष लोक अदालत, ई-चालानों का होगा निस्तारण
लंबित ई-चालानों से परेशान वाहन चालकों के लिए भी राहत की खबर है। मोटर वाहन अधिनियम के तहत लंबित चालानों के निस्तारण के लिए 28 नवंबर 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
पूर्णकालिक सचिव सुदेश कुमारी ने बताया कि रजिस्ट्रार जनरल, इलाहाबाद उच्च न्यायालय के निर्देशों के क्रम में यह विशेष लोक अदालत आयोजित की जा रही है। इसमें लंबित ई-चालानी मामलों का निस्तारण कराया जा सकेगा।
खास बात यह है कि संबंधित वाहन स्वामी और प्रार्थी सेतु ऐप के माध्यम से घर बैठे भी अपने लंबित ई-चालानों के निस्तारण की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि वे विशेष लोक अदालत का लाभ उठाएं और अपने लंबित चालानी मामलों का समय से निस्तारण कराएं।


