चकेरी एयरपोर्ट के पास बसेगी 1,251 एकड़ की एयरो सिटी
360 करोड़ के प्रोजेक्ट का खाका तैयार करने में जुटा KDA, 3 कंपनियों ने दिया प्रेजेंटेशन
कानपुर। न्यू कानपुर सिटी के साथ अब केडीए ने एयरो सिटी योजना को भी आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। चकेरी एयरपोर्ट के पास करीब 1,251 एकड़ जमीन पर प्रस्तावित इस मेगा टाउनशिप का खाका तैयार करने के लिए तीन कंपनियां आगे आई हैं।
केडीए अधिकारियों के सामने सोमवार को तीनों कंपनियों ने प्रेजेंटेशन दिया। इसके बाद योजना के लिए आर्किटेक्ट के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। यह एक मेगा बिजनेस और आवासीय परियोजना है। एयरो सिटी के लिए कंपनियों ने दिया प्रेजेंटेशन
केडीए सचिव अभय कुमार पांडेय ने बताया कि एयरपोर्ट के पास एयरो सिटी विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है। इसके लिए आर्किटेक्ट चयन का टेंडर पहले ही जारी किया जा चुका है। चयनित कंपनी आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों के साथ सड़क, पार्क और अन्य सुविधाओं का डिजाइन तैयार करेगी। साथ ही परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) भी बनाएगी।
360 करोड़ के प्रोजेक्ट की तैयारी तेज
करीब 360 करोड़ रुपए के निवेश वाली इस परियोजना को दिल्ली के एयरोट्रोपोलिस की तर्ज पर विकसित करने की योजना है। इसका सीधा जुड़ाव राष्ट्रीय राजमार्ग से भी होगा। केडीए ने एयरपोर्ट के आसपास की सड़कों का चौड़ीकरण भी शुरू करा दिया है। एयरो सिटी को विकसित करने के साथ आसपास की कनेक्टिविटी मजबूत करने की तैयारी भी है।
एक ही जगह मिलेंगी आवासीय और व्यावसायिक सुविधाएं
एयरो सिटी को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर विकसित किया जाएगा। यह मल्टीपरपज टाउनशिप होगी, जिसमें बिजनेस सेंटर, मॉल, को-वर्किंग स्पेस, आधुनिक होटल, लाउंज और अत्याधुनिक सुविधाओं वाले रिहायशी परिसर व अपार्टमेंटस बनाए जाएंगे।
योजना में मिश्रित उपयोग वाले भूखंड भी प्रस्तावित हैं। इनमें एक ही भूखंड पर आवासीय और व्यावसायिक निर्माण किया जा सकेगा। एयरपोर्ट के नजदीक होने से कारोबारियों, उद्यमियों और यात्रियों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। केडीए का उद्देश्य इस परियोजना के जरिए रोजगार और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है।


