करवाचौथ पर चांद के दीदार में बाधा बनेंगे बादल

करवाचौथ पर चांद के दीदार में बाधा बनेंगे बादल

कानपुर में अचानक से बदला मौसम, शाम तक बारिश के आसार

कानपुर। कानपुर में करवाचौथ पर गुरुवार सुबह से मौसम बदला हुआ है। देर रात बूंदाबांदी के बाद सुबह से बादल छाए हुए हैं। धूप निकली है लेकिन वह भी नरम है। रात में सुहागिन महिलाओं को चांद के दीदार में बादल बाधा बन सकते हैं।

मौसम में बदलाव के चलते दिन में धूप के साथ बादलों की आवाजाही रहेगी, जबकि शाम और रात में बादल बढ़ने की संभावना है। इससे चंद्रमा के दर्शन में बाधा आ सकती है। कानपुर में चांद निकलने का संभावित समय रात 8:10 बजे बताया गया है, लेकिन उस समय आसमान साफ रहने की संभावना कम है।

बूंदाबांदी की संभावना बरकरार

मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि गुरुवार को कानपुर में धूप के साथ बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम के मॉडल स्थानीय स्तर पर बारिश के संकेत दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि बंगाल की खाड़ी से जुड़े मौसमी सिस्टम और पश्चिमी विक्षोभ के संभावित प्रभाव से बादलों की आवाजाही बढ़ सकती है। इसके चलते तापमान में मामूली गिरावट आने के साथ रात में भी ठंडक बढ़ने के आसार हैं। हालांकि, चांद दिखाई देगा या नहीं, यह उस समय बादलों की स्थिति पर निर्भर करेगा।

कहीं बूंदाबांदी तो कहीं बारिश के आसार

मौसम विशेषज्ञ के अनुसार बादलों की गति धीमी होने से उनका प्रभाव कुछ समय तक बना रह सकता है। दोपहर के बाद बादल बढ़ने और शाम से रात तक आसमान में छाए रहने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि आसपास के इलाकों में बारिश भी हो सकती है। मौसम के पूर्वानुमान के अनुसार, आगे चलकर कुछ क्षेत्रों में 5 से 10 मिलीमीटर और चुनिंदा स्थानों पर 15 से 20 मिलीमीटर तक बारिश होने की संभावना जताई गई है।

जिला प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

बंगाल की खाड़ी में उठ रहे चक्रवाती तूफान अर्नब के संभावित प्रभाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार 28 से 31 अक्टूबर के बीच जनपद में भारी वर्षा, तेज हवाओं, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना है। एडीएम (वित्त एवं राजस्व) डॉ. विवेक चतुर्वेदी ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि तेज हवा, बारिश और गरज-चमक के दौरान लोग सुरक्षित पक्के भवनों में रहें। पेड़ों, बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों, जर्जर दीवारों, पुराने भवनों, होर्डिंग और लटकते बिजली के तारों से दूर रहें। बिजली चमकने के दौरान छत, बालकनी और खुले स्थानों पर जाने से बचें।
तेज हवाओं में छतों और बालकनी में रखी हल्की वस्तुओं को सुरक्षित कर लें। जलभराव वाले रास्तों, नालों और तेज बहाव वाले स्थानों से गुजरने का जोखिम न उठाएं। किसान फसलों की कटाई, मड़ाई और भंडारण की योजना बनाएं। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन डायल-112 अथवा स्थानीय प्रशासन को तत्काल सूचना दें।

बुधवार को धूप ने बढ़ाई गर्मी, सुबह-शाम रही ठंडक

सीएसए की ओर से बुधवार को जारी मौसम रिपोर्ट के अनुसार, अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक था। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 92 प्रतिशत दर्ज की गई। सुबह से शाम तक हल्के बादल छाए रहे, लेकिन दिन में तेज धूप निकलने से गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल किया। सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस हुई।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *