कानपुर में दिन में गर्मी, सुबह-शाम गुलाबी सर्दी का एहसास; नवंबर की शुरुआत में बारिश के आसार

कानपुर में दिन में गर्मी, सुबह-शाम गुलाबी सर्दी का एहसास; नवंबर की शुरुआत में बारिश के आसार

कानपुर। शहर में रविवार को मौसम साफ रहा और सुबह से ही धूप निकलने के कारण गर्मी का एहसास हुआ। दिन चढ़ने के साथ धूप तेज होने का अनुमान है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दिन में तेज धूप के चलते लोगों को गर्मी महसूस होगी, जबकि सुबह और शाम हल्की गुलाबी सर्दी का एहसास बना रहेगा।

मौसम में फिलहाल दिन और रात के तापमान के बीच अंतर बना हुआ है। दिन में धूप निकलने से तापमान बढ़ रहा है, वहीं सुबह और शाम हवाओं के चलते मौसम अपेक्षाकृत ठंडा महसूस होता है। बीच-बीच में ऊंचाई पर बादलों की मौजूदगी से धूप की तीव्रता कुछ कम हो सकती है। हवा चलने से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

नवंबर की शुरुआत में बारिश के आसार

मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, आने वाले दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में कई मौसमी सिस्टम सक्रिय हो सकते हैं। बंगाल की खाड़ी में नया कम दबाव का क्षेत्र बनने के साथ पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण जैसी मौसमी गतिविधियां भी मौसम को प्रभावित कर सकती हैं।

उन्होंने बताया कि अलग-अलग क्षेत्रों से नमी एकत्र होने और मौसमी सिस्टम के आपस में जुड़ने से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इसके चलते अक्टूबर के आखिरी दिनों और नवंबर की शुरुआत में बारिश होने के आसार हैं। हालांकि, बारिश की स्थिति मौसमी सिस्टम की सक्रियता और उसकी दिशा पर निर्भर करेगी।

सुबह ठंडक, दोपहर में चढ़ा पारा

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) की शनिवार को जारी मौसम रिपोर्ट के अनुसार, शहर में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक था।

रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 91 प्रतिशत दर्ज की गई। सुबह के समय मौसम में ठंडक रही, लेकिन दोपहर में तेज धूप के कारण पारा चढ़ गया। शाम होते ही ठंडी हवाओं के चलने से एक बार फिर गुलाबी सर्दी का एहसास हुआ। फिलहाल शहर में दिन के समय गर्मी और सुबह-शाम हल्की ठंड का मिला-जुला असर बना हुआ है। आने वाले दिनों में मौसमी गतिविधियों के बदलने से तापमान और मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *