बिठूर मांगे परिवर्तन: 2027 में सपा की सरकार बनाने के लिए बृजेंद्र यादव ने भरी हुंकार
कुढ़नी हनुमान मंदिर में नवजवानों और किसानों के साथ हुई बैठक, रोजगार और किसान समस्याओं का मुद्दा उठा

कानपुर। बिठूर विधानसभा क्षेत्र में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। इसी क्रम में कुढ़नी स्थित हनुमान मंदिर में समाजवादी पार्टी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नवजवानों और किसानों के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान समाजवादी पार्टी के नेता बृजेंद्र यादव ने प्रदेश में पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए बृजेंद्र यादव ने बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने तथा किसानों की खाद-बीज संबंधी समस्याओं का समाधान करने की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ‘बिठूर मांगे परिवर्तन’ के नारे के साथ पार्टी कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटें और जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें। उन्होंने प्रदेश की मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए उसे सत्ता से हटाने का आह्वान किया।
बृजेंद्र यादव ने महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए कहा कि महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना जरूरी है। उन्होंने खनन सहित अन्य मुद्दों पर भी अपनी बात रखी और दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
बैठक के बाद भंडारे का आयोजन
आयोजकों के अनुसार, बैठक में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान युवाओं और किसानों के बीच पार्टी की नीतियों तथा आगामी चुनाव को लेकर चर्चा हुई। बैठक के बाद भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

