बिल्हौर में कल आकाश आनंद की जनसभा, प्रत्याशी के नाम का ऐलान होने की चर्चा
कानपुर। बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद रविवार, 29 नवंबर को जनसभा करेंगे। शिवराजपुर के बैरी स्थित रामसहाय इंटर कॉलेज में सुबह 10 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा। जनसभा को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। चर्चा है कि आकाश आनंद इस दौरान बिल्हौर विधानसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी के नाम का ऐलान भी कर सकते हैं।
बसपा ने जनसभा को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। कानपुर जिलाध्यक्ष कुलदीप कुमार के मुताबिक, कार्यक्रम में मुख्य रूप से बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को बुलाया जाएगा। पार्टी ने फिलहाल करीब पांच हजार लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा है। आकाश आनंद के स्वागत और जनसभा की व्यवस्थाओं को लेकर पार्टी पदाधिकारी पिछले 10 दिनों से जुटे हैं।

14 साल बाद उसी कॉलेज में बसपा की बड़ी जनसभा
बिल्हौर में होने वाली यह जनसभा राजनीतिक लिहाज से इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि फरवरी 2012 में बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी रामसहाय इंटर कॉलेज में जनसभा की थी। उस दौरान उन्होंने बिल्हौर सीट से कमलेश दिवाकर को पार्टी प्रत्याशी घोषित किया था। अब करीब 14 साल बाद एक बार फिर उसी कॉलेज में बसपा की बड़ी जनसभा होने जा रही है। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि आकाश आनंद भी इस बार बिल्हौर सीट से प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर सकते हैं।
भाजपा विधायक के सामने बढ़ सकती है चुनौती
बिल्हौर विधानसभा सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। वर्तमान में इस सीट से भाजपा के राहुल बच्चा सोनकर विधायक हैं। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बसपा की इस जनसभा को क्षेत्र में पार्टी की राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। यदि जनसभा में प्रत्याशी के नाम का ऐलान होता है तो चुनाव से पहले ही बिल्हौर की सियासत में हलचल तेज हो सकती है।


