स्पेन के पास प्रवासियों की नाव में 15 शव मिले:समुद्री पानी पीने से मौत की आशंका; इंजन खराब था, 3 दिन से फंसे थे

मैड्रिड। स्पेन के कैनरी आइलैंड्स के पास शुक्रवार को प्रवासियों से भरी एक नाव में 15 लोगों के शव मिले। नाव का इंजन खराब होने के कारण करीब 100 लोग तीन दिन तक समुद्र में फंसे रहे। इस दौरान नाव में खाने-पीने का सामान खत्म हो गया था।

स्पेनिश मीडिया के मुताबिक, प्यास से परेशान कुछ लोगों ने समुद्र का खारा पानी पी लिया था। आशंका है कि इससे उनके शरीर में पानी की कमी हो गई और उनकी मौत हो गई। हालांकि, मौत की असली वजह की मेडिकल पुष्टि नहीं हुई है। हादसे में 6 लोगों की हालत गंभीर है। उन्हें हेलिकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया गया। नाव में सवार बाकी लोगों को भी बचा लिया गया। ये सभी पश्चिम अफ्रीकी देश गांबिया से समुद्र के रास्ते यूरोप पहुंचने की कोशिश कर रहे थे।

72 किलोमीटर दूर मिली नाव, खींचकर किनारे लाया गया

स्पेन की समुद्री बचाव टीम को यह नाव कैनरी आइलैंड्स के एल हिएरो द्वीप से करीब 72 किलोमीटर दक्षिण में मिली थी। इसके बाद बचाव अभियान चलाया गया। नाव को खींचकर ला एस्टाका बंदरगाह लाया गया।

गंभीर हालत में मिले 6 लोगों को हेलिकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया गया। बाकी बचे प्रवासियों को भी सुरक्षित निकालकर एल हिएरो द्वीप के ला रेस्टिंगा बंदरगाह पहुंचाया गया। यहां प्रवासियों के रहने और इलाज के लिए सेंटर बनाया गया है।

यूरोप पहुंचने का अहम रास्ता है कैनरी आइलैंड्स

कैनरी आइलैंड्स अटलांटिक महासागर में अफ्रीका के उत्तर-पश्चिमी तट के पास स्थित हैं। यह स्पेन का हिस्सा है। पश्चिमी अफ्रीका के कई देशों से प्रवासी समुद्र के रास्ते यहां पहुंचने की कोशिश करते हैं। इसके बाद वे स्पेन और यूरोपीय संघ के दूसरे देशों में जाने की कोशिश करते हैं।

2024 में 46 हजार से ज्यादा प्रवासी समुद्र के रास्ते यहां पहुंचे थे। यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा था। इसके बाद समुद्र में निगरानी बढ़ाई गई और अफ्रीकी देशों के साथ मिलकर प्रवासियों को रोकने की कोशिश की गई। इससे यहां पहुंचने वाले लोगों की संख्या में कमी आई।

एक दिन में 2100 प्रवासी पहुंचे

अक्टूबर से कैनरी आइलैंड्स पर प्रवासियों के पहुंचने की संख्या फिर बढ़ने लगी है। इसी हफ्ते एक दिन में करीब 2,100 प्रवासी यहां पहुंचे। इनमें ज्यादातर एल हिएरो द्वीप पर उतरे। इस द्वीप की कुल आबादी करीब 11,400 है। प्रवासियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अधिकारियों ने इस महीने की शुरुआत में यहां इमरजेंसी घोषित की थी। 14 नवंबर को एक ही दिन में करीब 1,500 प्रवासियों को बचाया गया था। कम आबादी वाले इस द्वीप पर अचानक इतनी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से प्रशासन के सामने उनके रहने, खाने और इलाज की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती बन गया है।

स्पेन के चुनाव में भी बड़ा मुद्दा है प्रवासियों का आना

प्रवासियों की मौत का यह मामला स्पेन के आम चुनाव से दो दिन पहले सामने आया है। रविवार को होने वाले चुनाव में प्रवासियों का मुद्दा बड़ा राजनीतिक सवाल बना हुआ है। प्रधानमंत्री पेद्रो सांचेज प्रवासियों के प्रति नरम रुख रखते हैं। उनका कहना है कि दूसरे देशों से आने वाले लोग स्पेन की अर्थव्यवस्था के लिए फायदेमंद हो सकते हैं। वहीं, दक्षिणपंथी दल प्रवासियों की आमद पर सख्त पाबंदियां लगाने और सीमा सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। कैनरी आइलैंड्स के स्थानीय नेता भी कई बार स्पेन की केंद्र सरकार और यूरोपीय संघ से मदद मांग चुके हैं। उनका कहना है कि द्वीपों पर लगातार पहुंच रहे प्रवासियों को संभालने के लिए ज्यादा संसाधनों की जरूरत है।

सेनेगल से निकली 172 लोगों से भरी एक और नाव लापता

अफ्रीकी देश सेनेगल से स्पेन जाने के लिए निकली एक और नाव लापता है। इसमें करीब 172 लोग सवार थे। इनमें कई युवा मछुआरे भी शामिल थे। यह नाव 9-10 नवंबर को सेनेगल के तटीय इलाके यॉफ से रवाना हुई थी। दो हफ्ते से ज्यादा समय बीतने के बाद भी इसका कोई पता नहीं चला है। स्थानीय लोगों ने नाव की तलाश के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाने की मांग की है।

स्थानीय नेताओं के मुताबिक, सेनेगल में आर्थिक तंगी और मछली पकड़ने के काम में घटते मौकों के कारण युवा अपनी जान जोखिम में डालकर यूरोप जाने की कोशिश कर रहे हैं। वे बेहतर रोजगार और जिंदगी की उम्मीद में समुद्र का खतरनाक रास्ता चुनते हैं।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *