कानपुर में 35,779 करोड़ रुपये के ऋण की संभावनाएं, नाबार्ड की पीएलपी 2027-28 का जिलाधिकारी ने किया विमोचन
सीडी रेशियो 54.87 प्रतिशत पहुंचा, 60 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य, लंबित ऋण आवेदनों पर डीएम सख्त
कानपुर नगर। जनपद में कृषि, उद्योग और अन्य प्राथमिकता वाले क्षेत्रों को आर्थिक मजबूती देने के लिए वित्तीय वर्ष 2027-28 में 35,779 करोड़ रुपये के ऋण की संभावनाओं का आकलन किया गया है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने नाबार्ड द्वारा तैयार संभाव्यतायुक्त ऋण योजना (पीएलपी) 2027-28 का विमोचन करते हुए बैंक अधिकारियों को प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में ऋण वितरण बढ़ाने के निर्देश दिए।

सीएम डैशबोर्ड पर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए आयोजित बैंकर्स बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद के ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) की स्थिति की जानकारी ली। बैठक में बताया गया कि मार्च 2025 में सीडी रेशियो 53.70 प्रतिशत था, जो सितंबर 2026 में बढ़कर 54.87 प्रतिशत हो गया है। सितंबर तिमाही में बैंकों की जमा राशि में 3,667.63 करोड़ रुपये और ऋण राशि में 2,934.60 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई।
जिलाधिकारी ने बैंकर्स को ऋण वितरण की गति बढ़ाने और सीडी रेशियो को 60 प्रतिशत के आदर्श मानक तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंकिंग योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय से पहुंचना चाहिए, जिससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों और रोजगार को बढ़ावा मिल सके।
नाबार्ड की ओर से तैयार पीएलपी में कृषि क्षेत्र के लिए 6,420 करोड़ रुपये, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र के लिए 27,787 करोड़ रुपये तथा अन्य प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों के लिए 1,571 करोड़ रुपये की ऋण संभाव्यता निर्धारित की गई है। नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक राहुल यादव ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रतिवर्ष यह योजना तैयार की जाती है। जिलाधिकारी ने आगामी वित्तीय वर्ष की वार्षिक ऋण योजना तैयार करते समय पीएलपी में निर्धारित संभावनाओं को आधार बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में रोजगार और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं के आवेदनों के बैंक स्तर पर लंबित रहने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने बैंक अधिकारियों को लंबित आवेदनों का सोमवार तक प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने और दिसंबर की शुरुआत से पहले योजनाओं के निर्धारित लक्ष्य पूरे करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा में बताया गया कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 1,245 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया जा चुका है। वहीं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तीनों चरणों में कुल 9,500 ऋण वितरित किए गए हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 1,161 ऋण खातों में 11.13 करोड़ रुपये तथा एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना में 7.63 करोड़ रुपये की मार्जिन मनी वितरित की गई है।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत भी चालू वित्तीय वर्ष में 15,764 आवेदनों में ऋण वितरण की जानकारी दी गई। इसके अलावा मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना और मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना के लंबित आवेदनों को भी शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि रोजगारपरक योजनाओं में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैंक अधिकारी पात्र लाभार्थियों के आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई करें, ताकि युवाओं, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक गतिविधियां शुरू करने में परेशानी न हो।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संदीप कुमार, उपायुक्त उद्योग अंजनीश प्रताप सिंह, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक आदित्य चंद्रा, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक राहुल यादव सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।


