दीपावली मनाने का वादा कर ड्यूटी पर निकला पति, सड़क हादसे में मौत; एक साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया

दीपावली मनाने का वादा कर ड्यूटी पर निकला पति, सड़क हादसे में मौत; एक साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया

सरसौल ओवरब्रिज के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, हेलमेट भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त; पत्नी बोली- कहा था आज लौटकर साथ मनाएंगे दीपावली

कानपुर। दीपावली की खुशियां मनाने की तैयारी कर रहे एक परिवार में शनिवार सुबह मातम छा गया। सरसौल ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 26 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट आई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सिर पर लगा हेलमेट भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को सीएचसी ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से पत्नी और एक साल के मासूम बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, महाराजपुर के निहालखेड़ा गांव निवासी अंशु कुशवाहा (26) पुत्र रामगोपाल शनिवार सुबह करीब पांच बजे रोज की तरह बाइक से विजय नगर स्थित एक कंपनी में ड्यूटी करने जा रहे थे। जैसे ही वह सरसौल ओवरब्रिज के पास आनंद भोग स्वीट्स हाउस के सामने पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अंशु उछलकर हाईवे पर जा गिरे। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोटें आईं और हेलमेट भी टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया।

सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस घायल अंशु को सरसौल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गई, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पत्नी से किया था दीपावली पर साथ रहने का वादा

अंशु अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। परिवार में पत्नी रेशु और एक साल का मासूम बेटा है। पति की मौत से पत्नी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी रेशु ने रोते हुए बताया कि शनिवार सुबह ड्यूटी पर जाते समय पति ने कहा था कि आज ड्यूटी करके लौट आएंगे। इसके बाद अगले दिन सभी लोग मिलकर दीपावली का त्योहार धूमधाम से मनाएंगे। उन्हें क्या पता था कि पति से यह उनकी आखिरी मुलाकात होगी।

रेशु की यह बात सुनकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। जिस घर में दीपावली की खुशियां मनाने की तैयारी थी, वहां अब चीख-पुकार मची हुई है। एक साल का मासूम बेटा पिता के लौटने का इंतजार कर रहा है, जबकि मां अपने पति को खोने के गम में बेसुध है।

 सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सूचना पर सरसौल चौकी प्रभारी राजमोहन मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। फिलहाल हाईवे पर यातायात सुचारू है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *