अतीक की काली कमाई पूर्व पार्षद ने बिल्डिंगों में खपाई
14 साल पहले प्रयागराज में मिला था, 60 लाख में तैयार हुआ था राधिका अपार्टमेंट
कानपुर। राधिका अपार्टमेंट अग्निकांड के बाद फरार पूर्व पार्षद और हिस्ट्रीशीटर मन्नू रहमान के अतीक अहमद से जुड़े होने का खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि वह अतीक की काली कमाई बिल्डिंगों के निर्माण में खपाता था।
पुलिस ने मन्नू के करीबियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उनके मोबाइल में अतीक अहमद के साथ उसकी फोटो मिली। पूछताछ में पता चला कि वर्ष 2012 में प्रयागराज जाकर मुलाकात करने के बाद वह अतीक के पैसों को बिल्डिंग निर्माण में लगाने लगा था।
16 नवंबर को पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में शॉर्ट सर्किट से आग लगने पर 2 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हुए थे। मामले में बिल्डर समेत 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज है। पुलिस अब फरार आरोपियों के साथ अवैध निर्माण और फंडिंग की जांच कर रही है।
16 नवंबर को अग्निकांड में 2 लोगों की हुई थी मौत

16 नवंबर को तड़के करीब 3 बजे पटकापुर में 5 फीट चौड़ी सड़क पर स्थित राधिका अपार्टमेंट में मीटर में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई थी। आग से बचने के दौरान राखी साहू और 16 साल के प्रांजल बाथम की मौत हो गई थी। जबकि 2 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्रांजल के पिता अनिल की तहरीर पर फीलखाना थाने में बिल्डर मोहित तिवारी, सफीक, पूर्व पार्षद मन्नू रहमान, सरबजीत कौर और प्यारे खान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने फरार आरोपियों पर 20-20 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। रविवार को बिल्डर मोहित तिवारी को गिरफ्तार किया गया था।
60 लाख रुपए में तैयार किया गया था राधिका अपार्टमेंट
मोहित तिवारी ने पुलिस को बताया कि राधिका अपार्टमेंट को करीब 60 लाख रुपए में तैयार किया गया था। इसमें 12 फ्लोर बनाए गए थे। निर्माण में खर्च रकम का 60% हिस्सा प्यारे खान का था, जबकि बाकी 40% में अन्य लोगों की हिस्सेदारी थी।
मोहित के मुताबिक, प्यारे खान के पैसों का रोटेशन सफीक करता था। किस बिल्डिंग में कितना पैसा लगाया गया, इसका हिसाब-किताब भी सफीक रखता था।
2021 में रिटायर केडीए कर्मचारी की भूमिका भी संदिग्ध
एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय ने बताया कि पूछताछ में कई केडीए कर्मचारियों के नाम सामने आए हैं। ये कर्मचारी अवैध बिल्डिंगों के निर्माण में मदद करते थे। बिल्डर मोहित ने नोटिस चस्पा करने वाले कर्मचारी शिवशंकर का नाम भी लिया है।
शिवशंकर अवैध निर्माण वाले भूखंडों पर नोटिस चस्पा करने का काम करता था। आरोप है कि उसकी मिलीभगत से नोटिस जारी होने के बावजूद निर्माण जारी रहता था। शिवशंकर वर्ष 2021 में रिटायर हो चुका है। पुलिस ने उससे संपर्क किया तो उसने शादी समारोह में होने की बात कही। अब उसे पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया गया है।
फरार आरोपियों की मदद करने वालों पर भी होगी कार्रवाई
बिल्डर मोहित की गिरफ्तारी के बाद 4 आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि आरोपी सरेंडर और अग्रिम जमानत लेने की कोशिश कर रहे हैं। इसके चलते कचहरी परिसर में सादी वर्दी में पुलिस टीम तैनात की गई है।
उन्होंने कहा कि फरारी के दौरान आरोपियों की मदद करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। जांच में बाधा डालने वालों की निगरानी की जा रही है।
बिल्डिंगों में पैसा लगाने वालों का बैकग्राउंड जांचेगी पुलिस
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि अवैध निर्माण कराने वाले बिल्डरों की जांच के लिए गठित कमेटी उनकी वित्तीय जानकारी भी जुटाएगी। बिल्डिंग निर्माण में पैसा कहां से आया, कहीं सट्टा या हवाला का पैसा तो नहीं लगाया गया, इसकी जांच होगी।
पैसा लगाने वाले लोगों के इनकम टैक्स रिटर्न और जीएसटी की जानकारी भी खंगाली जाएगी। पुलिस शहर में अवैध निर्माण के साथ उसकी फंडिंग के स्रोत की भी जांच करेगी।


