नौ नंबर क्रॉसिंग से एनएच-2 तक बनेगी फोरलेन सड़क, शासन ने दिए 38 करोड़ रुपये

साढ़े चार किलोमीटर मार्ग होगा 14 मीटर चौड़ा, 21 दिन में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर शुरू होगा निर्माण

कानपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और औद्योगिक क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर करने की दिशा में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को बड़ी सौगात मिली है। शासन ने नौ नंबर क्रॉसिंग से नमक फैक्ट्री चौराहा होते हुए ज्ञान प्रकाश मार्ग के रास्ते एनएच-2 (इटावा-कानपुर हाईवे) तक करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन बनाने के लिए 38 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। सड़क चौड़ीकरण के बाद इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही आसान होगी और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग का दावा है कि अगले 21 दिनों में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।

नौ नंबर क्रॉसिंग से एनएच-2 तक जाने वाला यह मार्ग शहर को हाईवे से जोड़ने वाले प्रमुख रास्तों में शामिल है। इस पर रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। दादानगर और पनकी औद्योगिक क्षेत्र के साथ आसपास की आबादी के लिए भी यह मार्ग काफी महत्वपूर्ण है। मौजूदा समय में सड़क की सीमित चौड़ाई और वाहनों के बढ़ते दबाव के कारण कई स्थानों पर यातायात प्रभावित होता है। खासकर औद्योगिक क्षेत्रों में आने-जाने वाले भारी वाहनों के चलते लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।

14 मीटर चौड़ी होगी सड़क

फोरलेन निर्माण के तहत सड़क को करीब 14 मीटर चौड़ा किया जाएगा। इससे दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही सुगम हो सकेगी। औद्योगिक क्षेत्रों तक मालवाहक वाहनों के पहुंचने में भी आसानी होगी। विभाग का मानना है कि सड़क चौड़ी होने से जाम का दबाव कम होगा और शहर से हाईवे तक का सफर पहले की अपेक्षा सुविधाजनक बनेगा।

मुख्यमंत्री की समीक्षा में रखे गए थे 344 प्रस्ताव

बीते 18 जून 2026 को एचबीटीयू परिसर के सभागार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा की थी। इस दौरान विभाग की ओर से 5523 करोड़ रुपये के 344 प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए थे। इनमें शहर की कई महत्वपूर्ण सड़क और पुल परियोजनाएं शामिल थीं। हालांकि, इनमें से कुछ परियोजनाओं को ही अब तक शासन से स्वीकृति मिल सकी है। ट्रांसगंगा सिटी पुल निर्माण को मंजूरी मिलना प्रमुख है। वहीं, जूही खलवा पुल के बजट को लेकर अभी स्वीकृति नहीं मिल पाई है। अन्य कई परियोजनाएं भी बजट और प्रशासनिक मंजूरी के इंतजार में हैं।

21 दिन में टेंडर प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य

पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अनूप कुमार मिश्र ने बताया कि नौ नंबर क्रॉसिंग से नमक फैक्ट्री चौराहा होते हुए ज्ञान प्रकाश मार्ग और एनएच-2 तक करीब साढ़े चार किलोमीटर सड़क को फोरलेन किया जाएगा। इसके लिए शासन से 38 करोड़ रुपये का बजट मिल गया है। आगामी 21 दिनों में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *