शिवकटरा में कुत्तों का आतंक, महिला को बुरी तरह नोचा

घर लौट रही महिला पर आवारा कुत्ते ने किया हमला, हाथ की उंगली कटकर सड़क पर गिरी; एक सप्ताह से शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज वायरल

कानपुर। शहर के शिवकटरा इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। यहां घर लौट रही एक महिला पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने महिला के हाथ को इतनी बुरी तरह नोचा कि उसकी एक उंगली कटकर सड़क पर गिर गई। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और किसी तरह उसे कुत्ते से बचाया। लहूलुहान हालत में महिला को कांशीराम ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसका फुटेज मंगलवार देर रात सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।

घटना नगर निगम जोन-2 के शिवकटरा इलाके में शंभू आटा चक्की के पास प्रेम गुप्ता वाली गली की है। स्थानीय लोगों के मुताबिक घायल महिला की पहचान रचना उर्फ मंजू के रूप में हुई है। वह घरों में काम करके परिवार का भरण-पोषण करती है। घटना के समय वह काम खत्म करके घर लौट रही थी। तभी रास्ते में मौजूद आवारा कुत्ते ने अचानक उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने महिला के हाथ को बुरी तरह नोच लिया। हमले में उसकी एक उंगली कटकर अलग हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने कटी हुई उंगली को पन्नी में सुरक्षित रखा और महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

एक सप्ताह से कर रहे थे शिकायत, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई

क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि हमले से पहले ही वे इलाके में घूम रहे आवारा कुत्ते को पकड़ने के लिए नगर निगम अधिकारियों और पार्षद से पिछले एक सप्ताह से शिकायत कर रहे थे। इसके बावजूद जिम्मेदारों ने कोई कार्रवाई नहीं की। लोगों के मुताबिक शिकायत करने पर अधिकारी और जनप्रतिनिधि वार्ड की सीमा का हवाला देकर एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते रहे। किसी ने इलाके को एक वार्ड का हिस्सा बताया तो किसी ने दूसरे वार्ड का।

वार्ड की सीमा को लेकर जिम्मेदारी तय नहीं होने के कारण कुत्ते को पकड़ने की कार्रवाई अटकी रही। अब महिला पर हमले की गंभीर घटना के बाद उसे पकड़ने की कवायद शुरू हुई है।

हमले के बाद दहशत में क्षेत्रीय लोग

महिला पर हुए हमले के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गली और आसपास के रास्तों पर आवारा कुत्तों का झुंड घूमता रहता है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को घर से निकलने में भी डर लगने लगा है। लोगों ने नगर निगम से क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की है।

क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि नगर निगम को किसी बड़ी घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते शिकायतों पर कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने महिला पर हुए हमले के लिए जिम्मेदार व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इलाके में तत्काल राहत और सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *