कैंपस प्लेसमेंट में एआई स्किल की बढ़ी मांग, दिसंबर से शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया
कानपुर। शहर के तकनीकी संस्थानों में दिसंबर से शुरू होने वाले कैंपस प्लेसमेंट में इस बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की समझ रखने वाले विद्यार्थियों को प्राथमिकता मिलेगी। कंपनियों ने भर्ती की रणनीति में बदलाव करते हुए एआई, मशीन लर्निंग, डेटा एनालिटिक्स और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसी नई तकनीकों में दक्ष युवाओं पर फोकस किया है। इसका असर संस्थानों के पाठ्यक्रम और पढ़ाई के तौर-तरीकों पर भी दिखने लगा है। कुछ संस्थानों ने सभी ब्रांच के पाठ्यक्रम में एआई को शामिल करना शुरू कर दिया है।
कंपनियां अब पारंपरिक कोडिंग के बजाय प्रॉब्लम सॉल्विंग अप्रोच यानी समस्याओं का समाधान खोजने की क्षमता को अधिक महत्व दे रही हैं। इस बदलाव का असर इंजीनियरिंग की सबसे लोकप्रिय ब्रांच कंप्यूटर साइंस (सीएस) के प्रति विद्यार्थियों के रुझान पर भी पड़ सकता है। यूपीटीटीआई, एआईटीडी, एचबीटीयू समेत अन्य संस्थानों में आने वाली कंपनियां अपनी जरूरत के मुताबिक कौशल को प्राथमिकता दे रही हैं।

पाठ्यक्रम में शुरू किया बदलाव
अब 30 से 35 फीसदी कंपनियां एआई स्किल को प्राथमिकता दे रही हैं। एचबीटीयू के प्लेसमेंट इंचार्ज प्रो. नवीन कुमार ने बताया कि पहले कंपनियां प्लेसमेंट के दौरान विद्यार्थियों की डिग्री, कोडिंग और कम्युनिकेशन स्किल देखती थीं। अब प्लेसमेंट के लिए आने वाली 30 से 35 फीसदी कंपनियां एआई स्किल की मांग कर रही हैं। इसे देखते हुए पाठ्यक्रम में बदलाव शुरू कर दिया गया है। सभी ब्रांच में एआई को शामिल करने की तैयारी है। कुछ ब्रांच में इसे लागू भी किया जा चुका है।
इंटर्नशिप और प्री-प्लेसमेंट ऑफर पर भी असर
एआईटीडी के वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. मनीष राजपूत ने बताया कि एआई के कारण कंपनियों की जरूरतें बदल रही हैं। पहले जिन कामों के लिए बड़ी संख्या में फ्रेशर इंजीनियरों की जरूरत होती थी, उनमें से कुछ अब एआई टूल की मदद से कम समय में पूरे हो रहे हैं। इसका असर इंटर्नशिप और प्री-प्लेसमेंट ऑफर पर भी पड़ रहा है। कंपनियां इंटर्नशिप को केवल प्रशिक्षण तक सीमित रखने के बजाय संभावित कर्मचारियों की पहचान के माध्यम के रूप में देख रही हैं।
भर्ती प्रक्रिया में एआई आधारित कम्युनिकेशन और एजेंटिक एआई पर जोर
पीएसआईटी के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. मनमोहन शुक्ला ने बताया कि इस वर्ष देश-विदेश की शीर्ष एमएनसी कंपनियों ने प्लेसमेंट और हायरिंग प्रक्रिया में बदलाव किए हैं। उनके अनुसार, कॉरपोरेट सर्वे और प्लेसमेंट आंकड़ों के मुताबिक हाल के प्लेसमेंट सीजन में शीर्ष टेक कंपनियों की कुल भर्तियों में करीब 35 से 40 फीसदी एआई विशेषज्ञों और डेटा एनालिस्ट का चयन एआई आधारित कम्युनिकेशन और बिहेवियरल राउंड के आधार पर हुआ है।
उन्होंने बताया कि पिछले छह महीनों में प्रमुख आईटी और कंसल्टिंग कंपनियों ने एआई संचालित मूल्यांकन के जरिये 15 हजार से अधिक फ्रेशर्स और एआई विशेषज्ञों की नियुक्ति की है। कंपनियों के आंतरिक कामकाज और भर्ती प्रक्रिया में एजेंटिक एआई यानी स्वायत्त रूप से निर्णय लेने वाले एआई सिस्टम का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। अनुमान के मुताबिक, 60 फीसदी से अधिक बड़ी कंपनियों ने अपने वर्कफ्लो और शुरुआती स्क्रीनिंग में इसे शामिल कर लिया है।
अब सिर्फ अंकों से नहीं तय होगी योग्यता
प्लेसमेंट के लिए आने वाली कंपनियां अब केवल शैक्षणिक अंकों को प्राथमिकता नहीं दे रही हैं। संस्थानों के अनुसार, प्रॉब्लम सॉल्विंग क्षमता के साथ एसएपी, सेल्सफोर्स, एडब्ल्यूएस और गूगल क्लाउड जैसे इंडस्ट्री आधारित सर्टिफिकेशन को भी महत्व मिलेगा। एआई, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस और साइबर सिक्योरिटी से जुड़े लाइव प्रोजेक्ट विद्यार्थियों की दक्षता साबित करने का माध्यम बनेंगे। कंपनियां यह देखना चाहती हैं कि विद्यार्थी अपनी तकनीकी जानकारी का इस्तेमाल वास्तविक समस्याओं को हल करने में किस तरह कर सकते हैं।
एआई को कम प्राथमिकता देने वाली कंपनियों पर भी नजर
कैंपस प्लेसमेंट में कंपनियों की बदलती प्राथमिकताओं के बीच संस्थानों के सामने सभी विद्यार्थियों को रोजगार दिलाने की चुनौती भी है। संस्थानों के अनुसार, आने वाली करीब 30 से 35 फीसदी कंपनियां एआई स्किल वाले विद्यार्थियों की मांग कर रही हैं, जबकि कई संस्थानों के विद्यार्थी अभी इस जरूरत के अनुरूप तैयार नहीं हैं। ऐसे में सामान्य कौशल वाले विद्यार्थियों को भी अवसर दिलाने के लिए संस्थान अधिक से अधिक कंपनियों को प्लेसमेंट के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। इनमें ऐसी कंपनियों को भी प्राथमिकता दी जा रही है, जिनकी भर्ती प्रक्रिया में एआई कौशल की अनिवार्यता कम है।
कुछ संस्थानों में कंपनियों की संख्या बढ़ाने का लक्ष्य
संस्थान | पिछले साल आईं कंपनियां | इस साल का लक्ष्य |
एआईटीडी | 23 | 37 |
पीएसआईटी | 300 से अधिक | 425 |
आईआईटी | 400 | 475 |
एचबीटीयू | 40 | 50 |

