कन्नौज हादसे के बाद स्कूल बसों पर सख्ती, टूर से पहले आरटीओ को देनी होगी जानकारी

कानपुर। स्कूलों की ओर से बच्चों को शैक्षिक भ्रमण या अन्य टूर पर ले जाने की व्यवस्था अब परिवहन विभाग की निगरानी में होगी। कन्नौज सड़क हादसे के बाद आरटीओ प्रवर्तन ने स्कूल बसों की सुरक्षा और दस्तावेजों को लेकर नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत स्कूल संचालकों को टूर पर रवाना होने से पहले बस और चालक से जुड़ी पूरी जानकारी विभाग को देनी होगी। बिना अनुमति और जरूरी कागजात के बसों को टूर पर ले जाने की इजाजत नहीं मिलेगी।

आरटीओ प्रवर्तन की ओर से जिले के सभी स्कूलों को नोटिस जारी किए जाएंगे। स्कूलों को टूर में इस्तेमाल होने वाली बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र, पंजीकरण समेत अन्य जरूरी दस्तावेज और चालक के कागजात विभाग में जमा कराने होंगे। लंबी दूरी की यात्रा के दौरान एक बस में दो चालकों की तैनाती भी जरूरी होगी, ताकि लगातार ड्राइविंग से होने वाली थकान के कारण किसी तरह का हादसा न हो।

आरटीओ प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि अब तक स्कूल संचालक बच्चों को टूर पर ले जाने से पहले परिवहन विभाग को सूचना नहीं देते थे। ऐसे में विभाग के पास बसों की स्थिति और चालक की व्यवस्था जांचने का अवसर नहीं रहता था। नई व्यवस्था के तहत स्कूलों को पहले से जानकारी देनी होगी। दस्तावेजों की जांच के बाद ही टूर की अनुमति दी जाएगी।

जांच में बस के दस्तावेज मिले पूरे

कन्नौज में हुए हादसे की जांच के लिए कानपुर से भी परिवहन विभाग की टीम भेजी गई थी। जांच में हादसे का शिकार हुई स्कूल बस और ट्रक के दस्तावेज पूरे पाए गए। बस की फिटनेस और चालक से संबंधित कागजात भी सही मिले। टीम के निरीक्षण में प्रथम दृष्टया स्कूल बस सड़क की पीली पट्टी के पास तिरछी खड़ी मिली थी। इसी दौरान ट्रक बस से टकरा गया, जिससे हादसा हुआ।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *