एस. राजलिंगम ने संभाला कानपुर मंडलायुक्त का चार्ज, कार्यालय का किया निरीक्षण
2009 बैच के आईएएस अधिकारी वाराणसी में भी रह चुके हैं मंडलायुक्त, शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारना और अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना होगी प्राथमिकता
कानपुर। कानपुर के नए मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने मंगलवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। चार्ज संभालते ही उन्होंने मंडलायुक्त कार्यालय का निरीक्षण किया और विभिन्न पटलों पर चल रहे कार्यों की जानकारी ली। इससे पहले वह वाराणसी के मंडलायुक्त की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। शासन ने अब उन्हें कानपुर मंडल की कमान सौंपी है। अपनी तेज-तर्रार कार्यशैली और प्रशासनिक अनुभव के लिए पहचाने जाने वाले एस. राजलिंगम से मंडल में विकास कार्यों को गति देने और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की अपेक्षा है।
शासन की योजनाओं को धरातल पर उतारना प्राथमिकता
कार्यभार ग्रहण करने के बाद मंडलायुक्त ने कार्यालय के विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां संपादित किए जा रहे कार्यों और कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्यालयीन व्यवस्थाओं के बारे में भी जानकारी ली।
मंडलायुक्त ने कहा कि उनकी प्राथमिकता शासन की परियोजनाओं को धरातल पर उतारना और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसके लिए विकास कार्यों की प्रभावी निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा।
NIT तिरुचिरापल्ली से की केमिकल इंजीनियरिंग
मूलरूप से तमिलनाडु निवासी एस. राजलिंगम 2009 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), तिरुचिरापल्ली से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की उपाधि प्राप्त की है। भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन के बाद उन्हें उत्तर प्रदेश कैडर आवंटित हुआ। उन्होंने अमेरिका की सिरैक्यूज यूनिवर्सिटी के मैक्सवेल स्कूल से लोक प्रशासन के क्षेत्र में भी प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
बांदा से शुरू हुआ प्रशासनिक सफर
एस. राजलिंगम ने प्रशासनिक सेवा की शुरुआत बांदा में संयुक्त मजिस्ट्रेट के रूप में की थी। इसके बाद वह देवरिया में मुख्य विकास अधिकारी रहे। उन्होंने औरैया, सुल्तानपुर, सोनभद्र, कुशीनगर और वाराणसी में जिलाधिकारी के रूप में जिम्मेदारी संभाली।
इसके अलावा अयोध्या में नगर आयुक्त के पद पर भी सेवाएं दीं। शासन स्तर पर दुग्ध विकास, वाणिज्य कर, बेसिक शिक्षा और नगर विकास विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व भी निभाए। वाराणसी में जिलाधिकारी रहने के बाद उन्हें वहीं मंडलायुक्त बनाया गया था। अब शासन ने उन्हें कानपुर मंडल की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रशासनिक अनुभव और विभिन्न विभागों में काम करने का उनका अनुभव मंडल के विकास कार्यों में अहम साबित हो सकता है।


