एथेनॉल के टैंकर फटने से केमिकल फैक्ट्री में लगी आग

एथेनॉल के टैंकर फटने से केमिकल फैक्ट्री में लगी आग

कानपुर में 1km दूर तक लपटें उठीं, धमाके के बाद KIT के 300 छात्र बाहर निकले

कानपुर के रूमा में यूपीएसआईडीसी एरिया की केमिकल फैक्ट्री में आग की लपटें दूर से दिखाई पड़ीं।

कानपुर। कानपुर में मंगलवार रात केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस दौरान एथेनॉल से भरे दो टैंकर चपेट में आ गए और धमाके से फैक्ट्री आग का गोली बन गई। करीब 1km दूर से आग की लपटे दिख रहीं थी। फैक्ट्री से सटे कानपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (KIT) के करीब 300 स्टूडेंट तेज धमाका सुनकर हॉस्टल की छतों पर आ गए। आग की सूचना पर फायर ब्रिगेड की 15 से अधिक गाड़ियां पहुंची।

आग की भयावहता को देखकर डीसीपी ईस्ट और सीएफओ दीपक शर्मा ने एसडीआरएफ और पीएसी को मौके पर बुलाया। इसके बाद करीब 1 किमी. का एरिया सील करा दिया। करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। घटना रूमा इंडस्ट्रिलय एरिया की है।कानपुर के रूमा में यूपीएसआईडीसी एरिया की केमिकल फैक्ट्री में आग की लपटें दूर से दिखाई पड़ीं। फैक्ट्री के अंदर रखे सामान और केमिकल के स्टॉक के जलने से तेज लपटें उठती रहीं। फैक्ट्री में आग लगने से वहां रखी डीसीएम और ई-रिक्शा पूरी तरह जल गया।
एक किमी. दायरे का रास्ता बंद करके फैक्ट्रियां खाली कराईं

फायर ब्रिगेड की गाड़ियां फैक्ट्री में लगी आग को बुझाने में लगी रहीं।

महाराजपुर के रूमा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित केमिकल बनाने वाली फैक्ट्री निकोलस पिगमेंट यूनिट-एक में मंगलवार रात सवा 8 बजे टैंकर में 20 हजार लीटर एथेनॉल भरा हुआ पहुंचा था। फैक्ट्री में आग लगने के बाद टैंकर तेज धमाके के साथ फट गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फैक्ट्री के अंदर 20-20 हजार लीटर एथेनॉल से भरे तीन टैंकर मौजूद थे। आग बुझाने के साथ ही उन्हें भी पानी डालकर ठंडा किया जाता रहा। इन टैंकरों में विस्फोट की आंशका के चलते आसपास की फैक्ट्रियों को खाली करा लिया गया।

फैक्ट्री से 500 मीटर दूर बस्ती के लोगों को भी एहतियातन पुलिस ने बाहर निकाला। पुलिस के मुताबिक फैक्ट्री में दिन का शिफ्ट होने के बाद कर्मचारियों की छुट्टी हो गई थी, इसलिए अंदर कोई कर्मचारी नहीं था। फैक्ट्री के गार्ड आग लगने के बाद बाहर निकल आए।

आग का गुबार देखकर अफसर और पब्लिक के हाथ पैर फूले

 

रूमा इंडस्ट्रियल एरिया में केमिकल फैक्ट्री की आग इतनी भयावह थी कि पब्लिक ही नहीं पुलिस और फायर ब्रिगेड के अफसर और कर्मचारियों के भी हाथ-पैर फूल गए। लेकिन इसके बाद भी फायर ब्रिगेड की टीम पीछे नहीं हटी, कानपुर के साथ ही आसपास के जिलों से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं। इसके बाद एसडीआरएफ और पीएसी की एक बटालियन को भी बुलाया गया।

आग की भयावहता देख महाराजपुर हाईवे से गुजर रहे राहगीर भी वाहन रोककर खड़े हो गए। आग की घटना को देखते हुए पूरे सर्किल का फोर्स मौके पर बुला लिया गया। अधिकारियों के मुताबिक एहतियातन एक किमी रेडियस का पूरा इलाका पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

फायर ब्रिगेड की टीम 2 घंटे की मशक्कत के बाद फैक्ट्री के अंदर पहुंच सकी, छत से पानी की बौछार कर आग बुझाई गई।
करोड़ों का नुकसान, मालिक दंपति और बेटियां फफक कर रोती रहीं

निकोलस पिगमेंट्स एंड इंक के नाम से केमिकल फैक्ट्री है। यहां चमड़ा और कपड़ा उद्योग के लिए फिनिशिंग, कोटिंग बाइंडर, रेजिन और प्री-ट्रीटमेंट रसायन बनाती है। इसके मालिक रवींद्र देव त्यागी और डायरेक्टर अनुराधा त्यागी हैं। आग देखकर फैक्ट्री के मालिक की बेटियां फफक-फफक कर रोती रहीं कि मां-पिता ने रात दिन करके कैसे फैक्ट्री को खड़ा किया और आग ने एक झटके में सब तबाह कर दिया।

1 किमी. का इलाका सील करके खाली कराया

  • आग की घटना के बाद डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता, एडीसीपी शिवा सिंह मौके पर पहुंचे। इसके बाद रात करीब 10 बजे एडीसीपी शिवा सिंह आए। 10:05 मिनट पर एसडीआरएफ की टीम ने मोर्चा संभाला।
  • 10:30 बजे डीसीपी सत्यजीत गुप्ता भी घटनास्थल पर पहुंचे। डीसीपी के निर्देश पर एक किमी के रेडियस पर ट्रैफिक रोक दिया गया। केमिकल फैक्ट्री से सटी हुई फर्नीचर फैक्ट्री व दूसरी केमिकल फैक्ट्री को खाली कराया गया।
  • केआईटी के हॉस्टल में 300 छात्र रह रहे हैं। सभी छात्र बाहर निकल आए। पुलिस ने सभी को आग से दूर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसी के साथ कुछ दूरी पर स्थित बस्ती के 50 घरों को भी पुलिस ने एहतियातन खाली करा लिया।

22 हजार लीटर का फायर टेंडर पहुंचा तो आग हुई धीमी

घटना की जानकारी मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने जिले के सभी फायर स्टेशन की गाड़ियों को बुला लिया था। इतना ही नहीं आग बुझाने के लिए आसपास के जनपदों की फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को लगाया गया। फतेहपुर जनपद की गाड़िया बचाव व राहत कार्य के लिए पहुंची।

शुरूआत में छोटी गाड़ियों से पानी आग की लपटों तक नहीं जा रहा था। जिसके बाद 22 हजार लीटर की क्षमता का फायर टेंडर पहुंचा तो आग की लपटें कुछ थमी। आग बुझाने के बाद खाली होकर दमकल जाजमऊ से पानी लेकर फिर लौट रही थीं। अधिकारियों के मुताबिक 15 गाड़ियों ने करीब दो लाख लीटर पानी डालकर आग पर काबू पाया। रात 8:30 बजे लगी आग 12:30 बजे थमी।

केमिकल होने से आग बुझाने में आयी परेशानी

फैक्ट्री में केमिकल मौजूद होने के कारण आग बुझाने में दिक्कत आयी। जहरीली गैस निकलने के चलते फायरकर्मी, पुलिसकर्मी और मौके पर मौजूद अन्य लोग मास्क, रुमाल व अंगोछे का सहारा लेकर बचाव कार्य में लगे रहे। आग की भयावहता और जहरीली गैस के चलते वह काफी देर तक दूर से पानी डालते रहे।

सीएफओ दीपक शर्मा ने बताया कि-

मंगलवार रात करीब 9 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि रूमा स्थित यूपीएसआईडीसी की एक केमिकल फैक्ट्री में आग लग गई है। फायर ब्रिगेड की करीब 15 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। टीमों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर पूरी तरह काबू पाया। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *