अगले 3 साल में AI इंसानों को मिटा सकता है
नोबेल विजेता हिंटन की चेतावनी- हम उसे कंट्रोल नहीं कर पाएंगे, वह खुद फैसले लेने लगेगा

उन्होंने कहा;-
मैं पहले कहता था कि AI 10 साल में हमसे ज्यादा स्मार्ट हो जाएगा, लेकिन अब यह 18 महीने में हो सकता है। यह डराने वाली बात है।
AI सुरक्षा विशेषज्ञ और एलाइनमेंट रिसर्च सेंटर के संस्थापक पॉल क्रिस्टियानो ने कहा कि अगले 6 से 12 महीने में ही AI से ऐसी घटनाएं हो सकती हैं, जिनमें इंसानों का उस पर कंट्रोल खत्म हो जाए।
क्रिस्टियानो के मुताबिक, अगले एक साल में AI पर से इंसानों का हमेशा के लिए कंट्रोल खत्म होने की आशंका 4% है। वहीं, अगले 3 साल में यह खतरा बढ़कर 15% हो सकता है।
उनका कहना है कि AI का टेकओवर फिल्मों की तरह रोबोटों का हमला करना नहीं, बल्कि खुद फैसले लेकर इंसानों को अपने रास्ते की रुकावट समझना और सरकारों, कंपनियों व जरूरी सिस्टम पर कंट्रोल करना है। ऐसी स्थिति में इंसानों की आजादी और खुद फैसले लेने का अधिकार भी खत्म हो सकता है।
AI खुद बना सकता है हथियार और ड्रोन
विशेषज्ञों को डर है कि AI भविष्य में खुद नए हथियार बना सकता है। वह ड्रोन और रोबोट की मदद से जरूरी ठिकानों पर कब्जा करने की कोशिश कर सकता है। AI का इस्तेमाल खतरनाक जैविक हथियार बनाने में भी हो सकता है। क्रिस्टियानो के मुताबिक, अगर AI अपने फैसले खुद लेने लगा और इंसानों को अपने काम में रुकावट समझने लगा, तो उसे रोकना मुश्किल हो जाएगा।
AI की दुनिया में क्या चल रहा है और इसका हमारी जिंदगी पर क्या असर पड़ेगा, समझिए …
AI की दुनिया में ऐसा क्या चल रहा, जिससे सभी डरे हुए हैं?
ऐसी आशंकाओं के पीछे दो बड़े आधार हैं…
1. AI अब सुपरइंटेलिजेंट बन रहा है
- AI को इंसानों ने बनाया और वही इसे सुधारते रहे हैं। लेकिन अब AI खुद को लगातार बेहतर बनाने में जुट गया है। वो अपनी कमियां पकड़ता है और उन्हें सुधारता है। यानी इंसानों की जरूरत घटती जा रही है।
- नए AI मॉडल अपनी सोच और तर्क को छिपाने में बेहतर हो रहे हैं। इससे उन पर नजर रखना मुश्किल होता जा रहा है।
- पहले AI से सवाल पूछो और वो जवाब देता था। लेकिन अब AI एजेंट से कहा जा सकता है कि इस समस्या को हल करो। वो खुद इंटरनेट और कंप्यूटर टूल्स का इस्तेमाल करता है, फैसले लेता है और समस्या को सुलझाता है। चाहे घंटों लग जाएं। हाल ही में 10,000 AI एजेंट्स ने 90 साल पुरानी Navier-Stokes गणित समस्या को सिर्फ 88 घंटे में सुलझा दिया।
2. इंसानों को चकमा देने लगा है AI
- ओपन AI के मुताबिक, जुलाई 2026 में टेस्ट के दौरान उसके दो AI मॉडल जानबूझकर टेस्टिंग से निकल भागे और चोरी की लॉगिन डिटेल्स का इस्तेमाल कर AI कंपनी Hugging Face के सर्वर तक पहुंच गए। वो भी बिना किसी इंसानी दखल के।
- एंथ्रोपिक के टेस्ट में मॉडल क्लॉड ओपस 4 ने खुद को बंद होने से बचाने के लिए एक अधिकारी के निजी अफेयर की जानकारी लीक करने की धमकी दी।
- यह टेस्ट OpenAI, Google, Meta समेत 16 बड़े मॉडल्स पर दोहराया गया और ज्यादातर मॉडल्स ने मौका मिलने पर ऐसा ही बर्ताव किया।
तो क्या AI को कंट्रोल नहीं किया जा सकता?
कोशिशें हो रही हैं, लेकिन अभी इन्हें पूरी तरह भरोसेमंद नहीं माना जा सकता।
- कंपनियां खुद सुरक्षा नियम बना रही हैं: एंथ्रोपिक और OpenAI ने खतरनाक AI क्षमताओं के लिए अपने-अपने सुरक्षा नियम बनाए हैं। लेकिन इन नियमों को कंपनियां खुद तय और बदल सकती हैं। यही सबसे बड़ी चिंता है।
- सरकारें भी नियम बनाने लगी हैं: अमेरिका और भारत में AI को लेकर नए नियम और गाइडलाइंस पर काम हो रहा है। लेकिन अभी दुनिया भर में AI के लिए एक जैसे सख्त नियम नहीं हैं।
सवाल-3: AI अगले कुछ सालों में हमारी जिंदगी कैसे बदल सकता है?
जवाब: डारियो अमोदेई का दावा है कि अगले 1 से 5 साल में AI की वजह से एंट्री लेवल की आधी नौकरियां खत्म हो जाएंगी। अगले 5 सालों में दुनिया में बेरोजगारी दर 20% तक पहुंच जाएगी। हालांकि, Nvidia के CEO जेन्सेन हुआंग का कहना है कि AI से नए तरह के काम और नौकरियां भी पैदा होंगी। वहीं, भारत में हुए AI समिट के दौरान डारियो अमोदेई ने दावा किया था, ‘जिन बीमारियों का इलाज सालों से नहीं मिला, AI उसका इलाज ढूंढने में काबिल है।


