कानपुर में 17 वर्षीय किशोर की चाकू से गोदकर हत्या, सीने में वार से हार्ट पंचर; तीन संदिग्ध हिरासत में

कानपुर में 17 वर्षीय किशोर की चाकू से गोदकर हत्या, सीने में वार से हार्ट पंचर; तीन संदिग्ध हिरासत में

फजलगंज के बंबा रोड सब्जी मंडी में वारदात, साथी ने दोस्तों के साथ मिलकर दिया घटना को अंजाम; परिजनों ने आशनाई की बात से किया इनकार

कानपुर। फजलगंज थाना क्षेत्र के बंबा रोड सब्जी मंडी में मंगलवार रात आशनाई के विवाद में 17 वर्षीय किशोर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। किशोर के साथी ने अपने कुछ दोस्तों के साथ मिलकर उसके सीने में चाकू से वार कर दिया और मौके से फरार हो गए। लहूलुहान हालत में किशोर को पड़ा देखकर मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। परिजन और स्थानीय लोग उसे हैलट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

हत्या की सूचना मिलते ही एसीपी स्वरूप नगर ज्योति श्री सर्किल फोर्स के साथ हैलट अस्पताल पहुंचीं। इसके बाद फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। हालांकि, परिजनों ने आशनाई के विवाद में हत्या किए जाने की बात से इनकार किया है।

गुमटी में कपड़े की दुकान पर काम करता था हर्षित

फजलगंज थाना क्षेत्र के बंबा रोड निवासी महेश कुमार अहिरवार बिजली मिस्त्री हैं। उनका 17 वर्षीय बड़ा बेटा हर्षित गुमटी स्थित एक कपड़े की दुकान में काम करता था। परिवार में पत्नी दुर्गा देवी, छोटी बेटी गुनगुन और बेटा हर्षित था।

महेश कुमार ने बताया कि मंगलवार रात करीब साढ़े 10 बजे वह घर पर बैठकर चाय पी रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले के कुछ युवक घर पहुंचे और बताया कि उनका बेटा इलाके में ही भांग ठेके के पास लहूलुहान हालत में पड़ा है। जानकारी मिलते ही परिजन स्थानीय लोगों की मदद से मौके पर पहुंचे और हर्षित को हैलट अस्पताल लेकर गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चाकू लगने से पंचर हुआ हार्ट, ज्यादा खून बहने से मौत

पिता महेश कुमार के मुताबिक, हर्षित के सीने में बाईं तरफ चाकू का गहरा घाव था। डॉक्टरों ने बताया कि चाकू का वार इतना गहरा था कि उसका हार्ट पंचर हो गया। अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौत हो गई।

पिता ने जरीब चौकी स्थित चाचा लस्सी की दुकान पर काम करने वाले एक किशोर और उसके साथियों पर बेटे की चाकू से गोदकर हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, उन्होंने आशनाई के विवाद को हत्या की वजह मानने से इनकार किया है।

सीसीटीवी फुटेज से मिले सुराग, तीन संदिग्ध हिरासत में

घटनास्थल के सामने स्थित मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज पुलिस के हाथ लगी है। इसमें मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर हत्या के कारणों और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगा रही है।

एसीपी स्वरूप नगर ज्योति श्री ने बताया कि परिजनों ने एक किशोर पर हत्या का आरोप लगाया है। उनसे तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *