IPL में 2028 से जुड़ सकती हैं दो नई टीमें, 10 से बढ़कर 12 हो सकती हैं फ्रेंचाइजी
पुणे और वडोदरा रेस में सबसे आगे, नई टीम की कीमत 8,900 करोड़ रुपये से अधिक होने का अनुमान; BCCI कर रहा विस्तार पर विचार
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में 2028 से दो नई फ्रेंचाइजी शामिल हो सकती हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) लीग के विस्तार की योजना पर विचार कर रहा है। अगर इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो आईपीएल में टीमों की संख्या 10 से बढ़कर 12 हो जाएगी। नई टीमों के लिए पुणे और वडोदरा के नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में बातचीत अभी शुरुआती दौर में है और अंतिम फैसला होने तक शहरों के नाम बदल भी सकते हैं।
आईपीएल में दो नई टीमों के शामिल होने से लीग का दायरा बढ़ने के साथ फ्रेंचाइजी के कारोबार और मीडिया राइट्स की कीमत में भी इजाफा हो सकता है। नई टीमों को खरीदने के लिए देश-विदेश के निवेशकों की दिलचस्पी बताई जा रही है।
2022 में भी शामिल हुई थीं दो नई टीमें
आईपीएल में इससे पहले 2022 सीजन से पहले दो नई फ्रेंचाइजी शामिल की गई थीं। लखनऊ सुपर जायंट्स को आरपीएसजी ग्रुप ने 940 मिलियन डॉलर में खरीदा था, जबकि गुजरात टाइटंस का मालिकाना हक सीवीसी कैपिटल पार्टनर्स ने 750 मिलियन डॉलर में हासिल किया था। दोनों टीमों के आने से आईपीएल में फ्रेंचाइजी की संख्या आठ से बढ़कर 10 हो गई थी।
नई टीम की कीमत 8,900 करोड़ रुपये से ज्यादा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार नई फ्रेंचाइजी की कीमत एक बिलियन डॉलर यानी करीब 8,900 करोड़ रुपये से अधिक हो सकती है। हाल ही में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की बिक्री 1.78 बिलियन डॉलर और राजस्थान रॉयल्स की बिक्री करीब 1.65 बिलियन डॉलर की वैल्यूएशन पर हुई है।
नई टीमों में निवेश के लिए प्राइवेट इक्विटी फर्म, पश्चिम एशिया के सॉवरेन वेल्थ फंड, अमेरिकी फैमिली ऑफिस और भारतीय कारोबारी समूह दिलचस्पी दिखा रहे हैं। रिपोर्ट में प्राइवेट इक्विटी फर्म परमिरा का नाम भी संभावित निवेशकों में शामिल बताया गया है।
2028-2032 के मीडिया राइट्स से जुड़ी तैयारी
दो नई टीमों को शामिल करने की चर्चा आईपीएल के अगले मीडिया राइट्स साइकल (2028-2032) से भी जुड़ी है। मौजूदा 2023-2027 मीडिया राइट्स 6.2 बिलियन डॉलर में बिके थे। टीमों की संख्या बढ़ने से मैचों की संख्या में भी इजाफा होगा, जिससे ब्रॉडकास्टिंग और विज्ञापन से होने वाली कमाई बढ़ सकती है।
हालांकि, टीमों की संख्या बढ़ाने से पहले बीसीसीआई को कई पहलुओं पर विचार करना होगा। इनमें खिलाड़ियों की उपलब्धता, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कैलेंडर और ब्रॉडकास्टर्स की दिलचस्पी प्रमुख हैं। मैचों की संख्या बढ़ने से प्रसारण की लागत भी बढ़ सकती है।
पुणे में पहले भी खेल चुकी हैं दो आईपीएल टीमें
पुणे का आईपीएल से पुराना नाता रहा है। शहर में इससे पहले दो फ्रेंचाइजी खेल चुकी हैं। पुणे वॉरियर्स इंडिया ने 2011 से 2013 तक आईपीएल में हिस्सा लिया था। इसके बाद 2016 और 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजायंट ने लीग में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
राइजिंग पुणे सुपरजायंट ने 2017 में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया था। हालांकि, खिताबी मुकाबले में उसे मुंबई इंडियंस के हाथों महज एक रन से हार का सामना करना पड़ा था। अब एक बार फिर पुणे में आईपीएल टीम की वापसी की संभावना जताई जा रही है।


