राष्ट्रपति ट्रंप की अग्नि परीक्षा शुरू, अमरीकी कांग्रेस की 435 और सेनेट की 35 सीटों के लिए वोटिंग

वाशिंगटन। अमरीका में मिडटर्म चुनाव के लिए मतदान मंगलवार को शाम चार बजे (भारतीय समयानुसार) से शुरू हो गया। वोटिंग प्रक्रिया बुधवार सुबह 5:30 तक चलेगी। इन चुनावों में हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स की सभी 435 सीटों और सेनेट की 100 में से 35 सीटों के लिए वोटिंग होगी। इसके अलावा 36 राज्यों में मतदाता अपने गवर्नर भी चुनेंगे। करीब 21 करोड़ मतदाता इस वोटिंग प्रक्रिया का हिस्सा बनेंगे। इन चुनावों से तय होगा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल के आखिरी दो वर्षों में अमरीकी संसद यानी कांग्रेस के दोनों सदनों पर रिपब्लिकन पार्टी का नियंत्रण बना रहेगा या डेमोक्रेट्स सत्ता के समीकरण बदलने में कामयाब होंगे। फिलहाल ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी का कंट्रोल हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सेनेट दोनों सदनों में है।
जॉर्जिया, साउथ कैरोलिना, वर्मोंट, वर्जीनिया और फ्लोरिडा और न्यू हैम्पशायर के कुछ हिस्सों में पूर्वी समयानुसार शाम सात बजे (भारतीय समयानुसार सुबह 4:30 बजे) मतदान समाप्त होने के साथ ही चुनावों के नतीजे सामने आ जाएंगे। चुनाव विश्लेषक जेफ्री स्केली ने फ्लोरिडा, जॉर्जिया, इंडियाना, केंटकी, नॉर्थ कैरोलिना, ओहियो, साउथ कैरोलिना और वर्जीनिया को विशेष रूप से महत्त्वपूर्ण राज्य बताया है, जहां लगभग 50 सीटों पर मुकाबला कड़ा है।


