टीकाकरण में प्रदेश में चौथे स्थान पर कानपुर, डिप्टी सीएमओ डॉ. एसपी यादव सम्मानित
शहरी स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बेहतर संचालन में मिला योगदान, जिलाधिकारी व सीएमओ ने की सराहना
कानपुर। शहरी स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और टीकाकरण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कानपुर नगर को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया। टीकाकरण के क्षेत्र में जनपद ने प्रदेश में चौथा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर आयोजित कार्यक्रम में डिप्टी सीएमओ एवं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एसपी यादव को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जनपद में शहरी स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, नियमित टीकाकरण, मिशन शक्ति, एनीमिया मुक्त कानपुर नगर और अन्य जनकल्याणकारी स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार प्रयास कर रही है। पात्र लाभार्थियों तक स्वास्थ्य एवं टीकाकरण सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ ही योजनाओं की नियमित समीक्षा और बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी ने बताया कि विभागीय अधिकारियों, चिकित्सा इकाइयों और मैदानी कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से जनपद को राज्य स्तर पर यह उपलब्धि हासिल हुई है। टीकाकरण में प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त करना स्वास्थ्य विभाग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर (आईएएस) और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के कार्यों की सराहना की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में डिप्टी सीएमओ एवं जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एसपी यादव को उनके योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। यह सम्मान शहरी स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के बेहतर संचालन में उनके समर्पण और कार्यक्षमता की सराहना के रूप में दिया गया।


