हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुसी बाइक, फैक्ट्री कर्मी की मौत; पिता ने जताई हत्या की आशंका

हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से घुसी बाइक, फैक्ट्री कर्मी की मौत; पिता ने जताई हत्या की आशंका

कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह रहनस मोड़ के पास दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार फैक्ट्री कर्मी की मौत हो गई। नाइट शिफ्ट पूरी कर घर लौट रहे युवक की बाइक हाईवे किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस सरसौल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, मृतक के पिता ने बेटे की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच सड़क हादसे के रूप में की जा रही है और सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।

नाइट शिफ्ट के बाद घर लौट रहा था युवक

महाराजपुर थाना क्षेत्र के नगरा गांव निवासी राजेंद्र पाल (40) पुत्र छोटेलाल पाल रूमा स्थित एक फैक्टरी में काम करता था। रविवार सुबह करीब 6:30 बजे नाइट शिफ्ट पूरी करने के बाद वह बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान कानपुर से फतेहपुर जाने वाली लेन पर रहनस मोड़ के पास हाईवे किनारे खड़े ट्रक में उसकी बाइक पीछे से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल सरसौल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाइक के नंबर के आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पत्नी की मौत के बाद जेल में रहा था राजेंद्र

मृतक के पिता छोटेलाल ने बताया कि राजेंद्र की शादी फतेहपुर जिले के कंस गांव निवासी अल्पना से हुई थी। करीब पांच वर्ष पहले अल्पना ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद अल्पना के मायके पक्ष की ओर से राजेंद्र, उसकी मां शिवप्यारी और पिता छोटेलाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।

पिता के मुताबिक, इस मामले में तीनों करीब साढ़े तीन वर्ष तक जेल में रहे। जमानत पर रिहा होने के बाद वे घर लौटे थे। राजेंद्र की 10 वर्षीय बेटी सौम्या अपनी मां के मायके में रहती है। पिता ने बताया कि बेटी को अपने पास लाने के लिए राजेंद्र ने अदालत में अपील भी की थी।

पिता ने जताई हत्या की आशंका

राजेंद्र की मौत के बाद पिता छोटेलाल ने हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि बेटे के ससुरालीजन पहले भी उसे जान से मरवाने की धमकी दे चुके थे। इसी आधार पर उन्होंने बेटे की मौत को लेकर संदेह जताया है। हालांकि, अभी तक हत्या के आरोप की पुष्टि नहीं हुई है।

वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि हादसे में राजेंद्र के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। उनका मानना है कि यदि वह हेलमेट पहने होता तो संभव है कि उसकी जान बच जाती।

ट्रक कब्जे में, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

महाराजपुर पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सड़क हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों को भी ध्यान में रखकर जांच करेगी। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *