कानपुर देहात में भीषण सड़क हादसा, ट्रक में घुसी तीर्थयात्रियों से भरी बस, दो की मौत; 22 घायल

कानपुर देहात। सिकंदरा क्षेत्र में गुरुवार सुबह नेशनल हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजस्थान के बालाजी से श्रद्धालुओं को लेकर उन्नाव के शुक्लागंज जा रही टूरिस्ट बस खोजाफूल गांव के पास आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 22 लोग घायल हो गए।

घटना सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 10 लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

हादसे में गंगागंज निवासी बुजुर्ग कृष्णवीर और रामा की जान चली गई। घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद और एसडीएम रिदम आनंद सीएचसी पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हालचाल लेकर चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली।

दुर्घटना के बाद हाईवे पर तेल फैलने और टूटे पीपे पड़े होने से यातायात प्रभावित हुआ। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क की सफाई कराई। सीओ सौरभ वर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। सिकंदरा और अमराहट थानों की पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Pankaj

worldkhabarexpress.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *