अज्ञात वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम
सजेती के भदवारा गांव में ईंट भट्ठे के पास हुआ हादसा, खेतों की ओर से पैदल घर लौट रहे थे रमाकांत पाल
कानपुर। सजेती थाना क्षेत्र के भदवारा गांव में रविवार देर रात सड़क हादसे में 38 वर्षीय मजदूर रमाकांत पाल की मौत हो गई। वह खेतों की ओर से पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान ईंट भट्ठे के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को जानकारी दी और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घर लौटते समय अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
भदवारा गांव निवासी रमाकांत पाल मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार देर रात वह खेतों की तरफ से पैदल अपने घर जा रहे थे। गांव में ईंट भट्ठे के सामने पहुंचे ही थे कि तेज गति से आए किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई।
पांच भाइयों में सबसे छोटे थे रमाकांत
रमाकांत पांच भाइयों में सबसे छोटे थे। वह अपने मझले भाई रामराज पाल के साथ रहते थे। उनके अन्य भाई रामकिशन, सतीश पाल और राजाबाबू अलग-अलग मकानों में रहते हैं। रमाकांत की पत्नी का करीब 13 वर्ष पहले निधन हो गया था। उनकी 14 वर्षीय बेटी साढ़ थाना क्षेत्र के चतरीखेड़ा गांव स्थित अपने ननिहाल में रहती है।
तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई
सजेती थाना प्रभारी अनिल भारती ने बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


