बच्चों के सामने पति ने पत्नी को दिया तीन तलाक, 16 साल का रिश्ता टूटा
दूसरी महिला से संबंध का विरोध करने पर प्रताड़ना का आरोप, करीब दो महीने बाद दर्ज हुई रिपोर्ट
कानपुर। चमनगंज थाना क्षेत्र के प्रेमनगर में दूसरी महिला से कथित संबंध का विरोध करने पर पति द्वारा पत्नी को बच्चों के सामने तीन तलाक देने का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि 12 अगस्त की रात पति ने दोनों बेटों की मौजूदगी में तीन बार तलाक बोलकर उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद वह करीब दो महीने तक न्याय के लिए महिला थाना और शरई अदालत के चक्कर काटती रही। शरई अदालत से तलाक की पुष्टि होने के बाद चमनगंज थाने में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पीड़िता आफरीन (35) ने बताया कि वर्ष 2010 में उसका निकाह प्रेमनगर निवासी रेहान हुसैन से हुआ था। आरोप है कि शादी से पहले से ही रेहान के एक महिला से संबंध थे, जो निकाह के बाद भी जारी रहे। आफरीन के मुताबिक उसने जब इसका विरोध किया तो पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे प्रताड़ित किया। उसने पति रेहान, सास सुल्ताना बेगम, ननद सायमा और कहकशां तथा बहनोई नसीम पर रुपये की मांग करने का भी आरोप लगाया है।
महिला मित्र के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ने का आरोप
आफरीन ने बताया कि सात जुलाई 2026 को उसने पति को कथित तौर पर महिला मित्र के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा था। इसके बाद विवाद बढ़ गया। आरोप है कि 12 अगस्त की रात करीब 9:30 बजे रेहान ने दोनों बेटों अरहम और आदियान के सामने तीन बार तलाक बोल दिया। इसके बाद उसे घर से निकाल दिया और जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता के भाई आरिज के अनुसार, शरई अदालत में सुनवाई के दौरान रेहान ने शुरुआत में तीन तलाक देने की बात से इनकार किया। हालांकि, शहरकाजी द्वारा पूछे जाने पर उसने तलाक देने की बात स्वीकार कर ली। दो दिन बाद उलेमाओं ने तलाक होने की बात कही।
समझौते की कोशिश के दौरान हुआ हंगामा
आफरीन का कहना है कि इसके बाद वह महिला थाना पहुंची, जहां उसे पति के साथ मध्यस्थता की सलाह दी गई। थाना प्रभारी के मुताबिक उस समय महिला पति के साथ समझौते के लिए राजी हो गई थी। दोनों पक्षों को समझौते के लिए भेजा गया, लेकिन वहां हंगामा हो गया।
चमनगंज थाना प्रभारी रिकेश सिंह ने बताया कि तीन तलाक से संबंधित प्राथमिकी दर्ज करने से पहले मामले में काफी पूछताछ करनी पड़ती है, जिसके चलते रिपोर्ट दर्ज करने में समय लगा। मामले में पति समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। अन्य तथ्य विवेचना में स्पष्ट होंगे। जांच उपनिरीक्षक रोहित तोमर को सौंपी गई है।
पीड़िता ने पति पर मारपीट करने और दोनों बच्चों के भरण-पोषण से हाथ खींचने का भी आरोप लगाया है। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

